Mumbai: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर राजपाल ने अब उन लोगों पर निशाना साधा है, जो उनके बुरे दौर की वजह से उनके काम और साख को कम आंकने की कोशिश कर रहे हैं. राजपाल ने साफ-साफ कहा कि वह खुद को हमेशा सिनेमा का एक स्टूडेंट मानते हैं और उनकी लोकप्रियता आज भी वैसी ही बनी हुई है. राजपाल यादव ने कहा कि उनकी पर्सनल लाइफ की परेशानियों की परछाईं उनके एक्टिंग करियर पर नहीं पड़नी चाहिए.
चेक बाउंस केस से जुड़ा मामला
यह पूरा मामला चेक बाउंस केस से जुड़ा है, जिसके चलते इस साल की शुरुआत में उन्हें कुछ वक्त जेल में भी गुजारना पड़ा था. राजपाल यादव ने अपना पक्ष रखते हुए तीखा हमला बोला है. राजपाल यादव ने कहा कि मैं अपने करियर के प्रति पूरी तरह समर्पित हूं और भारतीय सिनेमा का एक स्टूडेंट हूं. अगर पिछले 30-40 सालों में गांव से लेकर मुंबई तक मुझ पर 100-200 लोगों का कोई कर्ज बकाया है, तो वह उनके घर तक जरूर पहुंचेगा. लेकिन मै कहना चाहता हूं जब पैसे की कोई समस्या होती है, तो लोग किसी कलाकार के पूरे करियर और उसकी साख पर दांव कैसे लगा सकते हैं?
हर एयरपोर्ट पर 500 लोग लेते हैं सेल्फी
राजपाल ने आगे कहा कि मुश्किल वक्त हो या अच्छा, आज भी हर एयरपोर्ट पर 500 लोग मेरे साथ सेल्फी लेते हैं. मैं एक जिम्मेदार एक्टर हूं. मुझे कोई 5 करोड़, 10 करोड़, 100 करोड़ या 250 करोड़ रुपये में नहीं खरीद सकता, क्योंकि बचपन से ही मैंने खुद को कला के नाम समर्पित कर दिया है. मुझे पैसों से नहीं खरीदा जा सकता, इस बात का भरोसा रखिए.
समाज को योगदान देना रखेंगे जारी
खुद को थिएटर और सिनेमा का पुजारी बताते हुए उन्होंने कहा कि वह समाज को अपना योगदान देना जारी रखेंगे. मेरी इस जर्नी में, चाहे इसे नुकसान कहें या कुछ और मैं 100 परसेंट कुछ ऐसा बनाकर देश को दूंगा, जिससे आप देख सकेंगे कि 2000 से 2026 तक राजपाल ने क्या किया है. इसमें एक-दो साल लग सकते हैं. मैंने पहले दिन से कहा है कि मैं कभी भटका नहीं था, न फिल्में बनाकर, न घर बनाकर और न ही करियर बनाकर.
राजपाल और पत्नी राधा यादव दोषी
दिल्ली हाईकोर्ट ने मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ हुए एक वित्तीय विवाद में चेक बाउंस होने पर राजपाल यादव और उनकी पत्नी राधा यादव को दोषी ठहराया था. अदालत ने टिप्पणी की थी कि लंबा समय दिए जाने के बावजूद राजपाल कोर्ट में दिए गए अपने आश्वासनों को पूरा करने में नाकाम रहे, जिसके चलते उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया गया था. एक्टर को कुछ दिन जेल में बिताने पड़े थे और बाद में शिकायतकर्ता को कुछ राशि का भुगतान करने के बाद उन्हें रिहा किया गया था.
इसे भी पढ़ें. Pakistan Bans Indian Aircrafts: भारतीय विमानों के लिए पाकिस्तान ने फिर बढ़ाई एयरस्पेस पाबंदी, 24 सितंबर तक रहेगा बैन