Mumbai: दिग्गज एक्ट्रेस सुष्मिता मुखर्जी ने उस दौर का कड़वा सच बयां किया, जब उन्हें मजबूरी में कई सी-ग्रेड फिल्मों में काम करना पड़ा. सुष्मिता ने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक भावुक वीडियो शेयर कर अपनी जिंदगी के इस मुश्किल दौर का दर्द शेयर किया. सुष्मिता ने खुलासा किया कि उनका प्रोडक्शन हाउस डूबने की वजह से उन पर 1 करोड़ रुपये का भारी-भरकम कर्ज चढ़ गया था, जिसे चुकाने के लिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा. सुष्मिता कई फिल्मों में अपना हुनर दिखा चुकी हैं.
खराब फिल्मों में काम क्यों किया?
उन्होंने ‘किंग अंकल’, ‘गोलमाल’, ‘खलनायक’ और ‘दोस्ताना’ जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपने अभिनय की छाप छोड़ी है. वीडियो में अपने उस फैसले पर बात करते हुए सुष्मिता ने कहा कि मुझसे किसी ने पूछा कि मैम, आपने इतनी खराब फिल्मों में काम क्यों किया? यह सवाल सुनते ही मुझे धक्का लगा. अपनी जिंदगी के उस दौर में वापस लौटकर यह सोचना बेहद तकलीफदेह है कि आखिर मैंने ऐसी सी-ग्रेड और महिलाओं को नीचा दिखाने वाली फिल्मों में काम ही क्यों किया?
अश्लील फिल्में नहीं थीं
हां, मैंने बुरी फिल्मों का चुनाव किया, लेकिन भगवान का शुक्र है कि वे अश्लील फिल्में नहीं थीं. फिर भी वे बेहद खराब फिल्में थीं. उन्होंने आगे अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि लोग पूछते हैं कि क्या मैंने अपनी आत्मा का सौदा किया? तो हां, मैंने अपनी आत्मा बेची. क्या मुझे ऐसा करके अच्छा लगा? मुझे तब भी अच्छा नहीं लगा था और आज भी उस बात का मलाल है. लेकिन उस वक्त मजबूरी ऐसी थी कि मेरे पास इसके अलावा कोई दूसरा रास्ता ही नहीं बचा था.
‘प्रयास प्रोडक्शंस’ पूरी तरह डूब गया
सुष्मिता ने आपबीती सुनाते हुए आगे कहा कि अगर मैं अपनी उस वक्त की हालत बताऊं, तो साल 2002 में मेरा और मेरे पति का मीडिया प्रोडक्शन हाउस ‘प्रयास प्रोडक्शंस’ पूरी तरह डूब गया था. हम पर करीब 1 करोड़ रुपये का कर्ज़ चढ़ चुका था. उस दौरान टेक्नोलॉजी का एक नया दौर शुरू हो रहा था-एंजेल इन्वेस्टर्स और वेंचर कैपिटल जैसे कॉन्सेप्ट आ गए थे, जिनके बारे में हमें कोई जानकारी नहीं थी. नतीजा यह हुआ कि हमारी कंपनी के साथ-साथ ट्रैक सिनेमा और अनिल चौधरी प्रोडक्शंस भी कंगाल हो गए.
मुझे खराब फिल्में चुननी पड़ीं
उन्होंने कहा कि घर के दरवाजे पर लेनदार और रिकवरी एजेंट आने लगे थे. वे गाली-गलौज करते थे, वह बेहद भयानक दौर था. मेरे बच्चे उस समय बहुत छोटे थे. ऐसे हालात में मुझे दोबारा काम की तलाश में निकलना ही पड़ा. जो भी पैसा कमाती, उससे बस वह 1 करोड़ का कर्ज चुकाती थी. मेरे पति और मैंने 3-4 सालों तक दिन-रात एक करके वह कर्ज उतारा. यही वजह थी कि मुझे खराब फिल्में चुननी पड़ीं, मेरे पास और कोई चारा ही नहीं था. सुष्मिता ने बताया कि अब ऐसा कोई काम नहीं करतीं जो उनके दिल को न छूए. आज वो अच्छा कमा रही हैं और अपने मन मुताबिक प्रोजेक्ट्स करके बेहद खुश हैं.
इसे भी पढ़ें. Mexico Crime: LIVE के बीच इस मशहूर इन्फ्लुएंसर की गोली मारकर कर दी हत्या, हमलावर फरार