Salman Khan Smit Machchhar: कैप्टन स्मित माछर इन दिनों अपनी बहादुरी और सूझबूझ को लेकर सुर्खियों में हैं. 30 सितंबर को उड़ान के दौरान सामने आई एक गंभीर स्थिति में उन्होंने जिस तरह हालात संभालने की कोशिश की, उसकी काफी चर्चा हो रही है. अब उनकी हिम्मत की तारीफ करने वालों की लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का नाम भी जुड़ गया है. सलमान से पहले रवीना टंडन, रवि किशन, कंगना रनौत, शिल्पा शेट्टी, जैकी श्रॉफ और सोनम कपूर समेत कई फिल्मी सितारे कैप्टन के साहस की सराहना कर चुके हैं.
सलमान खान ने किया खास अंदाज में सलाम
सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कैप्टन स्मित माछर को लेकर एक पोस्ट शेयर की. अभिनेता ने उनकी हिम्मत की तारीफ करते हुए लिखा, “कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सैल्यूट करते हैं. आपके साथ उड़ान भरना खुशी की बात होगी. वेल डन ब्रो.” सलमान का यह संदेश सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा तेज हो गई. उनके प्रशंसकों ने भी कैप्टन स्मित की बहादुरी को सलाम किया.
Kamaal kar diya pilot ji, hum sab aap ko salute karte hain will be a pleasure to fly with u.. Well done bro.. Capt #SmitMachchhar
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) October 2, 2026
जावेद अख्तर ने की ये मांग Salman Khan Smit Machchhar
कैप्टन की बहादुरी की चर्चा बॉलीवुड तक सीमित नहीं रही. मशहूर लेखक और गीतकार जावेद अख्तर ने भी उनके साहस की प्रशंसा की. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कैप्टन स्मित मच्छर को ‘महावीर चक्र’ दिए जाने की मांग रखी. जावेद अख्तर ने अपने संदेश में कहा कि स्मित मच्छर इस तरह के सर्वोच्च वीरता सम्मान के हकदार हैं.
30 सितंबर को फ्लाइट में आखिर हुआ क्या था?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 30 सितंबर को Flydubai की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी. विमान में 180 से अधिक यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे. उड़ान के दौरान कॉकपिट में पायलटों के बीच कथित तौर पर विवाद हुआ और स्थिति गंभीर हो गई. बताया गया कि को-पायलट ने कैप्टन स्मित माछर पर हमला किया. इस दौरान विमान की उड़ान भी प्रभावित हुई और वह तेजी से नीचे आने लगा. गंभीर चोट लगने के बावजूद कैप्टन स्मित ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी रखी.
रिपोर्ट्स के अनुसार, वह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब हुए और बाद में विमान को सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित लैंड कराया गया. घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद उनकी सूझबूझ और हिम्मत की सोशल मीडिया से लेकर बॉलीवुड तक चर्चा हो रही है.

