New Delhi: हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और पूर्व मॉडल मैरी लुईस वेलर का लंबी बीमारी के बाद 79 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने अपनी 80वीं वर्षगांठ से ठीक एक दिन पहले 1 अक्टूबर 2026 को अंतिम सांस ली. उनके जीवनसाथी माइकल रॉय कर्टिस ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है. 2 अक्टूबर 1946 को न्यूयॉर्क शहर में जन्मीं वेलर की परवरिश वेस्टवुड, कैलिफोर्निया में हुई थी.
‘हेल!’ से फिल्मों में किया था डेब्यू
एक्टर और सिंगर डैनी के उनके गॉडफादर और उनके पिता के दोस्त थे. टीनएज में उन्होंने U.S. इक्वेस्ट्रियन टीम के साथ ट्रेनिंग ली थी. ‘वैरायटी’ की रिपोर्ट के अनुसार, वेलर ने 1972 की पॉलिटिकल कॉमेडी फिल्म ‘हेल!’ से फिल्मों में डेब्यू किया था. जॉन लैंडिस की ‘एनिमल हाउस’ में मैंडी पेपरिज का रोल मिलने से पहले वह 1978 की टीवी फिल्म ‘हंटर्स ऑफ द रीफ’ और ‘द एविल’ में भी नजर आई थीं.
एक बड़ी कॉमेडी हिट साबित हुई
एक्ट्रेस ने फिल्म में मैंडी का रोल निभाया था, जो ‘पाई बीटा फाई’ सोरोरिटी सिस्टर और फिल्म में हीरो की प्रेमिका (लव इंटरेस्ट) थी. यह फिल्म एक बड़ी कॉमेडी हिट साबित हुई थी. 2012 के एक इंटरव्यू में फिल्म की सफलता के बारे में बात करते हुए वेलर ने कहा था कि उन्हें पक्का यकीन था कि ‘एनिमल हाउस’ हिट होगी. उनके टीवी शोज में ‘बारेटा’, ‘कोजैक’, ‘चिप्स’ और ‘स्टारस्की एंड हच’ जैसे लोकप्रिय शो शामिल थे. ‘वैरायटी’ की रिपोर्ट के मुताबिक, 1983 में ‘क्विंसी, M.E.’ में वह आखिरी बार स्क्रीन पर नज़र आई थीं.
न्यूयॉर्क में कई नाटकों में काम किया
एक्टिंग के अलावा, वेलर ने न्यूयॉर्क में कई नाटकों में काम किया और ‘फोर अलोन’ नाम का नाटक भी लिखा, जिसे कैलिफोर्निया के पासाडेना में ग्रीनहाउस थिएटर में मंचित किया गया था. ‘वैरायटी’ की रिपोर्ट के अनुसार, वेलर के परिवार में उनकी कजिन शीला वेलर हैं, जो एक लेखिका हैं. शीला की किताबों में 2003 में आई यादों पर आधारित किताब ‘डांसिंग एट सिरोस: ए फैमिलीज़ लव, लॉस, एंड स्कैंडल ऑन द सनसेट स्ट्रिप’ शामिल है, जिसमें 1950 के दशक के हॉलीवुड में उनके परिवार के जीवन का वर्णन है.
इसे भी पढ़ें. केन्या में भीषण हादसाः हाईवे पर ट्रक ने वैन में मारी टक्कर, 13 तीर्थयात्रियों की दर्दनाक मौत

