Ants Removal Sugar: बरसात के दिनों में अक्सर चीनी के डिब्बे या जार में लाल चीटियों का झुंड दिखाई देने लगता है. कई बार तो समझ ही नहीं आता कि चीनी में ये लाल चींटियां अचानक कहां से आ गईं. ऐसे में लोग इन्हें भगाने के लिए बाजार से केमिकल वाले स्प्रे ले आते हैं, लेकिन खाने-पीने की चीज़ों के पास केमिकल का इस्तेमाल करना सेहत के लिए ठीक नहीं है. ऐसे में आज हम आपको बिना एक भी चींटी को मारे, उन्हें आसानी से अपने घर से बाहर भगाने के तरीके के बारे में बताने जा रहें है, तो देर किस बात की चलिए जानते हैं…
चीनी से लाल चींटियों को भगाने के घरेलू तरीके
तेजपत्ता- (Bay Leaf)
चीटियों को तेजपत्ते की खुशबू बिल्कुल पसंद नहीं होती है. ऐसे में यदि चीनी के डिब्बे में या उसके आसपास दो-तीन तेजपत्ते डाल दीजिए. इसकी महक से चींटियां खुद-ब-खुद डिब्बे से दूर भाग जाएंगी. यह तरीका पूरी तरह से सुरक्षित है और इससे चीनी का स्वाद भी खराब नहीं होता.
लौंग- (Cloves)
यदि आपके चीनी के डिब्बे में लाल चींटियां बार-बार हो जाती हैं, तो आप डिब्बे के अंदर 4-5 साबुत लौंग रख दें. लौंग की तेज गंध चीटियों को सहन नहीं होती और वे तुरंत वहां से निकल जाती हैं.
चींटियों से खाने पीने की चीजों को बचाने के अन्य उपाय
- सफ़ेद सिरका और पानी- थोड़ा सा सिरका और बराबर मात्रा में पानी मिलाकर एक स्प्रे बोतल में भर लें. जहां-जहां चींटियां आती हैं, उस जगह पर हल्का सा स्प्रे कर दें. सिरके की महक से चीटियों का रास्ता भटक जाता है और वे उस जगह पर दोबारा नहीं आतीं.
- नींबू का रस- नींबू की खटास चींटियों को बिल्कुल पसंद नहीं होती. आप चाहें तो नींबू का रस या फिर नींबू के छिलके को खाने के डिब्बे के आसपास रख सकते हैं. इससे चीटियां कोसों दूर रहती हैं.
- लाल मिर्च या हल्दी पाउडर- खाने के डिब्बे के आसपास थोड़ी सी हल्दी या लाल मिर्च पाउडर की लाइन बना दें. चींटियां इस बॉर्डर को पार नहीं कर पातीं. हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि मिर्च या हल्दी डिब्बे के अंदर न जाए.

