Breakfast Recipe: रोज-रोज पोहा-पराठा खाकर हो गए बोर? घर पर बनाएं सॉफ्ट और क्रिस्पी वेज उत्तपम

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Veg Uttapam Recipe: सुबह का नाश्ता पूरे दिन की ऊर्जा और अच्छी सेहत की नींव माना जाता है. इसलिए हेल्थ एक्सपर्ट्स भी दिन की शुरुआत पौष्टिक और संतुलित नाश्ते से करने की सलाह देते हैं. अगर आप रोज-रोज पोहा, पराठा, ब्रेड या सैंडविच खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ स्वादिष्ट, हेल्दी व झटपट बनने वाली रेसिपी ट्राई करना चाहते हैं, तो साउथ इंडियन उत्तपम आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है.

उत्तपम न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि इसमें इस्तेमाल होने वाली ताजी सब्जियां इसे पोषण से भी भरपूर बनाती हैं. ऊपर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से नरम उत्तपम बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बहुत कम समय में आसानी से तैयार किया जा सकता है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी…

उत्तपम बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

घर पर स्वादिष्ट और सॉफ्ट उत्तपम बनाने के लिए आपको इन चीजों की जरूरत होगी—

  • 2 से 3 कप डोसा बैटर
  • 1 बड़ा बारीक कटा प्याज
  • 1 बड़ा बारीक कटा टमाटर
  • 1 छोटी बारीक कटी शिमला मिर्च
  • आधा कप कद्दूकस की हुई गाजर
  • 2 बारीक कटी हरी मिर्च
  • आधा कप बारीक कटा हरा धनिया
  • स्वादानुसार नमक
  • उत्तपम सेकने के लिए तेल या बटर
  • 1 चम्मच पोडी मसाला

सबसे पहले तैयार करें सब्जियों का मिश्रण

एक बड़े बाउल में प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, गाजर, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद इसमें स्वादानुसार एक चुटकी नमक और थोड़ा सा सांभर मसाला मिला दें. इससे सब्जियों का स्वाद और भी बेहतर हो जाएगा और उत्तपम ज्यादा स्वादिष्ट बनेगा.

तवा करें अच्छी तरह गर्म

अब गैस पर नॉन-स्टिक या लोहे का तवा मध्यम आंच पर गर्म करें. तवे पर थोड़ा सा तेल लगाकर किसी गीले कपड़े या टिशू पेपर की मदद से हल्का साफ कर लें. इससे बैटर तवे पर आसानी से फैलेगा और उत्तपम चिपकेगा नहीं.

ऐसे फैलाएं बैटर

जब तवा अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब उसके बीच में एक बड़ा चमचा डोसा बैटर डालें. ध्यान रखें कि उत्तपम डोसे की तरह पतला नहीं बनाया जाता. इसलिए बैटर को बहुत ज्यादा न फैलाएं. इसे हल्का मोटा रखते हुए गोल आकार दें.

ऊपर से डालें सब्जियां

बैटर फैलाने के तुरंत बाद तैयार सब्जियों के मिश्रण को उसके ऊपर समान रूप से फैला दें. इसके बाद स्पैटुला की मदद से सब्जियों को हल्के हाथों से दबाएं ताकि वे बैटर में अच्छी तरह चिपक जाएं और पलटते समय अलग न हों.

धीमी आंच पर करें पकाना

अब उत्तपम के किनारों और ऊपर थोड़ा सा तेल या बटर डालें. आंच को धीमा से मध्यम रखें. जब नीचे की सतह सुनहरी और हल्की क्रिस्पी हो जाए, तब सावधानी से इसे पलट दें. दूसरी तरफ से भी करीब 1 से 2 मिनट तक पकाएं ताकि सब्जियां अच्छी तरह पक जाएं.

ऐसे करें सर्व

जब दोनों तरफ से उत्तपम अच्छी तरह सिक जाए, तब इसे प्लेट में निकालें. ऊपर से थोड़ा सा पोडी मसाला छिड़कें और इसे नारियल की चटनी, टमाटर-प्याज की चटनी या गरमागरम सांभर के साथ परोसें. अगर आप हेल्दी, स्वादिष्ट और झटपट बनने वाला नाश्ता तलाश रहे हैं, तो यह उत्तपम रेसिपी आपके परिवार के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है.

यह भी पढ़े: Mango Peda Recipe. घर पर बनाएं स्वादिष्ट मैंगो पेड़ा, सिर्फ कुछ आसान सामग्री से तैयार होगी मिठाई

Latest News

Shukra Gochar 2026: जुलाई में शुक्र और सूर्य की बदलेगी चाल, इन 4 राशियों को करियर में मिल सकती है बड़ी सफलता

जुलाई में शुक्र और सूर्य के गोचर से कुछ राशियों के करियर और कारोबार में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं. जानिए किन 4 राशियों के लिए यह समय शुभ माना जा रहा है.

More Articles Like This

Exit mobile version