IRCTC Divine East Temple Tour 2026: अगर आप लंबे समय से परिवार के साथ किसी ऐसी धार्मिक यात्रा पर जाने की योजना बना रहे हैं, जहां आध्यात्म, संस्कृति, इतिहास और प्राकृतिक सौंदर्य का अनोखा संगम देखने को मिले, तो भारतीय रेलवे की पर्यटन इकाई IRCTC आपके लिए शानदार अवसर लेकर आई है. इस विशेष यात्रा में श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन, गंगा आरती, गंगासागर स्नान, भगवान जगन्नाथ के दर्शन, कोणार्क सूर्य मंदिर की भव्यता और बाबा बैद्यनाथ धाम की पवित्रता का अनुभव एक ही पैकेज में मिलेगा.
सबसे बड़ी बात यह है कि यात्रा के दौरान ट्रेन, होटल, भोजन, स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, टूर मैनेजर और ट्रैवल इंश्योरेंस जैसी लगभग सभी सुविधाएं पैकेज में शामिल हैं. यह टूर 25 सितंबर 2026 से भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन के जरिए शुरू होगा.
25 सितंबर से शुरू होगी 11 दिन की धार्मिक यात्रा
IRCTC का ‘Divine East Temple Tour’ 25 सितंबर 2026 से शुरू होगा. यह यात्रा 11 दिन और 10 रात की होगी और भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से संचालित की जाएगी. इस ट्रेन में AC-1, AC-2 और AC-3 श्रेणी की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. यात्रियों को यात्रा के दौरान आरामदायक सफर के साथ आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी.
कहां से चलेगी ट्रेन?
यह स्पेशल ट्रेन दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी. रास्ते में यात्री इन स्टेशनों से भी ट्रेन में सवार हो सकेंगे.
- गाजियाबाद
- टूंडला जंक्शन
- कानपुर
- प्रयागराज
वापसी के दौरान यात्रियों को पटना, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर, टूंडला जंक्शन और दिल्ली सफदरजंग स्टेशन पर उतरने की सुविधा मिलेगी.
A journey that transcends distance and touches the soul. The Divine East Temple Tour isn’t just a trip; it’s a 11-day immersion into India’s most sacred heritage sites, all wrapped in the refined comfort of our Bharat Gaurav Deluxe AC Tourist Train. pic.twitter.com/Kny5RFPaJR
— IRCTC Bharat Gaurav Tourist Train (@IR_BharatGaurav) June 25, 2026
पहले पड़ाव पर मिलेगा बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद
यात्रा की शुरुआत भगवान शिव की नगरी वाराणसी से होगी. यहां श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे. इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती देखने का अवसर मिलेगा. शाम के समय गंगा तट पर होने वाली यह आरती देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है.
कोलकाता और गंगासागर का मिलेगा आध्यात्मिक अनुभव
वाराणसी के बाद यात्रा पश्चिम बंगाल पहुंचेगी. यहां यात्रियों को विक्टोरिया मेमोरियल, दक्षिणेश्वर काली मंदिर, कालीघाट शक्तिपीठ और बेलूर मठ का भ्रमण कराया जाएगा. इसके अलावा यात्रियों को गंगासागर ले जाया जाएगा, जहां सागर संगम में स्नान और कपिल मुनि आश्रम के दर्शन का अवसर मिलेगा. शाम के समय हुगली नदी पर क्रूज यात्रा भी इस पैकेज का हिस्सा होगी.
पुरी, कोणार्क और ओडिशा की सांस्कृतिक विरासत
यात्रा का सबसे खास हिस्सा ओडिशा रहेगा. यहां श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करेंगे. इसके अलावा पुरी बीच, रघुराजपुर क्राफ्ट विलेज, भुवनेश्वर का लिंगराज मंदिर, धौली शांति स्तूप, उदयगिरि-खंडगिरि गुफाएं, यूनेस्को विश्व धरोहर कोणार्क सूर्य मंदिर और चंद्रभागा बीच भी इस यात्रा का हिस्सा हैं. यात्रियों को प्रसिद्ध चिल्का झील भी ले जाया जाएगा. हालांकि, चिल्का में बोटिंग का शुल्क पैकेज में शामिल नहीं है और इसका भुगतान यात्रियों को अलग से करना होगा.
अंतिम पड़ाव होगा बाबा बैद्यनाथ धाम
यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं को झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम ले जाया जाएगा. यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है. यहां दर्शन के बाद ट्रेन वापस दिल्ली के लिए रवाना होगी.
पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
इस ऑल-इंक्लूसिव पैकेज में यात्रियों को लगभग हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
- भारत गौरव डीलक्स ट्रेन से पूरा रेल सफर
- 3-स्टार होटल में ठहरने की व्यवस्था
- शुद्ध शाकाहारी नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन
- सभी दर्शनीय स्थलों तक AC बस से यात्रा
- अनुभवी IRCTC टूर मैनेजर
- ट्रैवल इंश्योरेंस
- स्थानीय गाइड और यात्रा सहायता
IRCTC के नियम के अनुसार प्रत्येक दो यात्रियों की बुकिंग पर कम से कम एक लोअर बर्थ देने का प्रयास किया जाएगा. अंतिम बर्थ आवंटन की जानकारी यात्रा शुरू होने से लगभग तीन दिन पहले SMS के माध्यम से भेजी जाएगी.
कितना है पैकेज का किराया?
इस विशेष ट्रेन में कुल 150 सीटें उपलब्ध हैं, जिन्हें तीन श्रेणियों में बांटा गया है.
कम्फर्ट क्लास (AC-3)
- सिंगल शेयरिंग – ₹1,10,155
- डबल शेयरिंग – ₹91,370 प्रति व्यक्ति
- ट्रिपल शेयरिंग – ₹88,685 प्रति व्यक्ति
डीलक्स क्लास (AC-2)
- सिंगल शेयरिंग – ₹1,24,930
- डबल शेयरिंग – ₹1,06,145 प्रति व्यक्ति
- ट्रिपल शेयरिंग – ₹1,03,460 प्रति व्यक्ति
सुपीरियर क्लास (AC-1)
- सिंगल शेयरिंग – ₹1,32,320
- डबल शेयरिंग – ₹1,13,530 प्रति व्यक्ति
- ट्रिपल शेयरिंग – ₹1,10,850 प्रति व्यक्ति
5 से 11 वर्ष तक के बच्चों के लिए अलग रियायती किराया लागू होगा.
EMI की भी मिलेगी सुविधा
अगर आप एकमुश्त भुगतान नहीं करना चाहते हैं, तो IRCTC ने इस पैकेज पर आसान किस्तों में भुगतान की सुविधा भी दी है. 50 हजार रुपये से अधिक कीमत वाले इस टूर पैकेज में शुरुआत में केवल 25 प्रतिशत राशि जमा कर सीट बुक कराई जा सकती है. बाकी 75 प्रतिशत भुगतान यात्रा शुरू होने से पहले करना होगा.
ऐसे करें बुकिंग
इस धार्मिक यात्रा की बुकिंग IRCTC Tourism के आधिकारिक पोर्टल पर की जा सकती है.
बुकिंग के लिए:
- IRCTC Tourism की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
- Divine East Temple Tour पैकेज चुनें.
- अपनी पसंद की क्लास (AC-1, AC-2 या AC-3) और बोर्डिंग स्टेशन का चयन करें.
- यात्री की जानकारी भरें और ऑनलाइन भुगतान करके बुकिंग पूरी करें.
इच्छुक यात्री देशभर में मौजूद IRCTC के अधिकृत पर्यटन कार्यालयों के माध्यम से भी इस पैकेज की बुकिंग करा सकते हैं. चूंकि ट्रेन में केवल 150 सीटें उपलब्ध हैं, इसलिए समय रहते बुकिंग कराना बेहतर रहेगा.
यह भी पढ़े: सूडान युद्ध से जुड़ा नागपुर की कंपनी का नाम, US के प्रतिबंधों में आने से मचा हड़कंप

