Aaj Ka Mausam: अगस्त के आखिरी दौर में मानसून एक बार फिर कई राज्यों में सक्रिय होता दिखाई दे रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 21 अगस्त के लिए देश के 23 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए ही घर से निकलने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पहाड़ी राज्यों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. कई इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. वहीं, पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में वज्रपात को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई है.
इन 23 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
IMD की चेतावनी में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा, नागालैंड, सिक्किम, मणिपुर, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश शामिल हैं. इन राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं और आंधी की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और इसके आसपास के क्षेत्र में बने सिस्टम का असर भी मौसम पर दिखाई दे रहा है. इसके प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश से सटे इलाकों में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है.
दिल्ली में बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को बारिश और आंधी का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. दिल्ली में दिन का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. बारिश से उमस से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में मौसम का असर कई जिलों में देखने को मिल सकता है. गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, झांसी, बांदा, हमीरपुर और बिजनौर समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
बिहार और झारखंड में भी बिगड़ेगा मौसम
बिहार में भी कई जिलों में भारी बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट है. पटना, गया, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और मुंगेर समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है. इन इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पटना में अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
झारखंड में भी बारिश के साथ तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर, गिरिडीह, दुमका और कई अन्य जिलों में मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश और अल्मोड़ा में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, सोलन और लाहौल-स्पीति जैसे इलाकों में भी बारिश हो सकती है. पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है.
जम्मू-कश्मीर में भी गरज-चमक के साथ बारिश
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम, अनंतनाग, कठुआ, पुंछ, जम्मू, बारामूला, उधमपुर और रियासी सहित कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है. संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी होने वाले अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़े: भक्ति, धैर्य और आशीर्वाद से बदलता है जीवन: दिव्य मोरारी बापू

