Aaj Ka Mausam 21 March 2026: होली के बाद ईद के मौके पर देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. जहां कुछ दिन पहले तक तेज गर्मी का असर दिख रहा था, वहीं अब बारिश, ठंडी हवाएं और बादलों ने तापमान को तेजी से नीचे गिरा दिया है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और बिहार तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है.
दिल्ली में मार्च बना दिसंबर जैसा
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को तेज बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई. अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री गिरकर 21.7°C पर पहुंच गया, जो मार्च के महीनों में असामान्य है.
शनिवार सुबह दिल्ली और नोएडा में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई. सड़कों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अफगानिस्तान से भारत तक फैला लंबा रेन बैंड इस बदलाव की बड़ी वजह है. आज दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 28°C और न्यूनतम 14°C रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में मिला-जुला मौसम
यूपी में मौसम फिलहाल संतुलित बना हुआ है. हल्की धूप के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है. हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई है.
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड में लगातार बारिश और बर्फबारी से हालात प्रभावित हुए हैं. देहरादून में लंबे समय से बारिश जारी है, जबकि बद्रीनाथ और केदारनाथ समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की मोटी परत जम गई है. कई जिलों में आज भी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी है.
मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि का कहर
मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है. भोपाल, इंदौर और ग्वालियर समेत कई जिलों में तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है. आज भी कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है.
बिहार में सुहाना मौसम, राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी
बिहार में मौसम सुहावना बना हुआ है. पटना समेत कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं से गर्मी से राहत मिली है. वहीं राजस्थान के पश्चिमी जिलों में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है, हालांकि सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी हुई है.
सेहत पर असर, रखें सावधानी
मौसम में अचानक हो रहे बदलाव का असर सेहत पर भी पड़ सकता है. सर्दी-खांसी और वायरल का खतरा बढ़ गया है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.