सूरज के तेवर होंगे ठंडे! IMD अलर्ट जारी, कई राज्यों में बारिश से मिलेगी राहत

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Aaj Ka Mausam 26 April 2026: उत्तर भारत इस वक्त भीषण गर्मी की चपेट में है और हालात ऐसे बन चुके हैं कि दोपहर में बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं लग रहा. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्यप्रदेश तक तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है और लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. हर दिन रिकॉर्ड टूट रहे हैं और सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है.

लेकिन इसी तपती गर्मी के बीच अब राहत की बड़ी खबर सामने आई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मौसम अब करवट लेने वाला है. आने वाले दिनों में तेज हवाएं, आंधी-तूफान और बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को इस झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

दिल्ली-एनसीआर में कब मिलेगी राहत

दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो यहां आज तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और गर्मी को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. लेकिन 27 अप्रैल से मौसम करवट लेने लगेगा. 28 से 30 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है. इसके चलते तापमान गिरकर करीब 39 डिग्री तक आ सकता है और महीने के अंत में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

उत्तर प्रदेश में लू का कहर

उत्तर प्रदेश में भी इस समय गर्मी का कहर चरम पर बना हुआ है. बांदा में 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा. इसके अलावा प्रयागराज, वाराणसी और आगरा जैसे शहरों में भी भीषण लू चल रही है.

मौसम विभाग के अनुसार 28 अप्रैल से 1 मई के बीच प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है.

बिहार और झारखंड में अलर्ट

बिहार और झारखंड में भी मौसम तेजी से बदलने के संकेत मिल रहे हैं. बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जिलों में तेज आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है, जहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि की भी संभावना है. वहीं झारखंड के रांची, जमशेदपुर और पलामू में बादलों की गतिविधियां बढ़ गई हैं और अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है.

विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि इस दौरान वज्रपात का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए खराब मौसम में खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए.

मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का हाल

मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी गर्मी का असर लगातार बना हुआ है. खजुराहो में तापमान 44.6 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि ग्वालियर, रतलाम और दतिया में तेज लू चल रही है. कई इलाकों में रात के समय भी गर्मी बनी रहने की स्थिति देखी जा रही है. हालांकि 27 अप्रैल की शाम से ग्वालियर और चंबल क्षेत्र में आंधी और हल्की बारिश शुरू होने की संभावना है, जिससे धीरे-धीरे तापमान में कमी आ सकती है. छत्तीसगढ़ में भी फिलहाल तापमान 44 डिग्री के आसपास बना हुआ है, लेकिन जल्द ही यहां भी मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं.

गर्मी से बचाव के उपाय

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. तेज गर्मी और लू से बचने के लिए दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें. हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें. सिर को ढककर रखें. पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को इस दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

यह भी पढ़े: डिनर हॉल में फायरिंगः ट्रंप ने सोशल मीडिया पर शेयर की हमलावर की पहली तस्वीर

Latest News

27 April 2026 Ka Panchang: सोमवार का पंचांग, जानिए शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

27 April 2026 Ka Panchang: 27 अप्रैल को वैशाख शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि है और इस दिन सोमवार पड़...

More Articles Like This