Punjab: पंजाब की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है. पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के खिलाफ पंजाब की भगवंत मान सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है. भगवंत मान सरकार ने हरभजन सिंह की सिक्योरिटी छीन ली है. अब हरभजन सिंह के घर के बाहर से सुरक्षाकर्मी हटा लिए गए हैं. हरभजन सिंह को जेड प्लस सिक्योरिटी मिली हुई थी.
घरों की चारदीवारी पर लिखा ‘गद्दार’
हरभजन सिंह ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है. ऐसा दावा उन्होंने खुद नहीं, बल्कि राघव चड्ढा ने किया है. इसके बाद ही मान सरकार ने सुरक्षा वापस ली है. इससे पहले AAP के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह, अशोक मित्तल और राजिंदर गुप्ता के आवास के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया. AAP के ये सांसद पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं. लुधियाना और जालंधर में कार्यकर्ताओं ने ‘स्प्रे पेंट’ से उनके घरों की चारदीवारी पर ‘गद्दार’ लिखा. हरभजन सिंह के घर पर भी यही लिखा गया.
AAP छोड़कर भाजपा में शामिल होने की घोषणा
AAP के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने शुक्रवार को पांच अन्य सांसदों के साथ पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने की घोषणा की. अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, स्वाति मालीवाल और विक्रमजीत साहनी अन्य AAP सांसद हैं. प्रदर्शनकारियों ने ‘पंजाब दे गद्दार’ के नारे लगाते हुए उन पर पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया.
पंजाब में फिर से सत्ता में आएगी AAP
AAP नेता पवन कुमार टिनू ने जालंधर में कहा कि 2027 में पंजाब में AAP फिर से सत्ता में आएगी और भाजपा के पास यहां कोई राजनीतिक पूंजी नहीं होगी. हताशा में आकर भाजपा ने AAP के राज्यसभा सदस्यों को हर तरह से अपने पाले में करने की कोशिश की है. कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल ने AAP के खिलाफ एक गठबंधन बना लिया है, इसलिए उनके नेता AAP सांसदों के भाजपा में शामिल होने के बारे में एक जैसे बयान दे रहे हैं.
आवास के बाहर विरोध-प्रदर्शन
AAP की पंजाब युवा शाखा के कार्यवाहक अध्यक्ष परमिंदर गोल्डी ने लुधियाना में सांसद राजेंद्र गुप्ता के आवास के बाहर विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व किया और उनके खिलाफ नारे लगाए. उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता विश्वासघात को कभी माफ नहीं करेगी. अरविंद केजरीवाल की विकास और सुशासन की राजनीति से भाजपा बुरी तरह परेशान है तथा साजिशों के जरिए AAP को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है. हालांकि, ये प्रयास विफल होंगे क्योंकि AAP का हर कार्यकर्ता पार्टी के नेतृत्व और उसके विजन के साथ मजबूती से खड़ा है.
इसे भी पढ़ें. डिनर हॉल में फायरिंगः ट्रंप ने सोशल मीडिया पर शेयर की हमलावर की पहली तस्वीर

