Baisakhi 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने बैसाखी के पावन अवसर पर देशवासियों, खासकर किसान भाइयों और बहनों को शुभकामनाएं दीं. इस मौके पर उन्होंने अन्नदाताओं के योगदान को सराहा और देश की तरक्की में उनकी अहम भूमिका को रेखांकित किया.
नए उत्साह का पर्व
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (X) पर जारी संदेश में कहा, ‘बैसाखी की सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं! यह त्योहार नए उत्साह, खुशियों और समृद्धि का संदेश लेकर आता है.’ उन्होंने स्पष्ट किया कि बैसाखी सिर्फ फसल का त्योहार नहीं, बल्कि किसानों के प्रति आभार व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है.
Wishing you all a happy Baisakhi! pic.twitter.com/bvKBU9Olpx
— Narendra Modi (@narendramodi) April 14, 2026
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के अन्नदाता अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से भारत को लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने किसानों के परिश्रम को राष्ट्र की मजबूती का आधार बताया और उनके योगदान को नमन किया.
खालसा पंथ स्थापना का गौरवशाली इतिहास
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में इस दिन के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने याद दिलाया कि बैसाखी का यह पवित्र दिन साल 1699 में गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा ‘खालसा पंथ’ की स्थापना का प्रतीक है, जो साहस और न्याय की रक्षा का संदेश देता है. उत्तर भारत में रबी की फसलों की कटाई के साथ शुरू होने वाला यह उत्सव सूर्य नव वर्ष (मेष संक्रांति) के आगमन की भी घोषणा करता है.
विविधता में एकता का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की खूबसूरती उसकी विविधता में है. बैसाखी के साथ-साथ देश के अलग-अलग हिस्सों में विशु, बोहाग बिहू और पोइला बैसाख जैसे त्योहार भी मनाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ये सभी पर्व हमें एकजुट रहने और अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने की प्रेरणा देते हैं.
यह भी पढ़े: Iran US War: ईरान को कभी परमाणु हथियार नहीं मिलेंगे, ट्रंप ने दिया बड़ा बयान