BRICS Summit 2026: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार (12 सितंबर) को नई दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के गाला डिनर में शामिल नहीं हुए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस खास रात्रिभोज का आयोजन BRICS देशों के साथ-साथ सम्मेलन में पहुंचे विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के नेताओं के लिए किया था. हालांकि, शी जिनपिंग की गैरमौजूदगी ने सबका ध्यान खींचा.
अपने होटल लौट गए शी जिनपिंग
सूत्रों के हवाले से बताया कि शी जिनपिंग डिनर में शामिल होने के बजाय अपने होटल लौट गए. बताया गया कि उन्होंने आराम करने के लिए होटल जाने का फैसला किया. हालांकि, उनके डिनर में शामिल नहीं होने की आधिकारिक वजह तत्काल सामने नहीं आई. वहीं, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भी गाला डिनर में मौजूद नहीं थे. वह दिन में BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद संयुक्त अरब अमीरात लौट चुके थे. BRICS शिखर सम्मेलन का रविवार को अंतिम दिन है और ऐसे में शी जिनपिंग की डिनर से गैरमौजूदगी ने कार्यक्रम के दौरान खासा ध्यान खींचा.
ये नेता समारोह में हुए शामिल BRICS Summit 2026
गाला डिनर में शी जिनपिंग की गैरमौजूदगी के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत BRICS के अन्य नेता समारोह में शामिल हुए. भारत की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी डिनर में मौजूद रहे. इस खास शाम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी शामिल हुए.
रात्रिभोज में मेहमानों के लिए खास मेन्यू किया गया था तैयार
BRICS समिट 2026 के मौके पर आयोजित इस खास रात्रिभोज में मेहमानों के लिए भारतीय स्वाद और आधुनिक अंदाज का खास मेन्यू तैयार किया गया था. इसमें खंडवी मिले-फ्यूइल, खुंब गलौटी, पनीर लबाबदार, गुच्ची मार्मिक, गाजर-बीन पोरियल और बाजरा पुलाव जैसे व्यंजन परोसे गए. डिनर के बाद मिठाइयों में भी खास भारतीय स्वाद देखने को मिला. मेहमानों को पुरानी दिल्ली की मशहूर फ्रूट क्रीम के साथ जलेबी और शहतूत फिरनी परोसी गई. यानी डिनर में जहां दुनियाभर के नेता एक मंच पर नजर आए, वहीं खाने की मेज पर भारतीय जायके की खास झलक देखने को मिली.
कुल 21 देश हिस्सा ले रहे
BRICS शिखर सम्मेलन 2026 में कुल 21 देश हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 11 सदस्य देश और 10 साझेदार देश शामिल हैं। इसके अलावा, सम्मेलन में कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे और BRICS शिखर सम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की, जिसमें दोनों देशों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. शी जिनपिंग रविवार को करीब सुबह 11 बजे नई दिल्ली से चीन के लिए रवाना होंगे। सम्मेलन का रविवार को अंतिम दिन है, जिस पर सदस्य और साझेदार देशों के नेता विभिन्न वैश्विक एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे.