Rajasthan: राजस्थान के पाली जिले में गुरूवार देर रात को तस्करों और पुलिस के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई. दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तस्कर भूटाराम बाबल को ढेर कर दिया. जबकि एक आरोपी को हिरासत में ले लिया. इसी बीच कुछ तस्कर दूसरी गाड़ी में सवार होकर भाग निकले.
तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई मुठभेड़ में तब्दील हो गई. एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और तस्करों के बीच हुई. इस फायरिंग में 36 वर्षीय तस्कर भूटाराम बाबल की मौत हो गई. ASP चैनसिंह महेचा के अनुसार ANTF को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध गाड़ियों में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है.
सड़क पर स्ट्रीक डालकर टायर पंक्चर कर दिए
टास्क फोर्स ने तुरंत घेराबंदी कर वाहनों का पीछा किया. भागने की कोशिश में तस्करों की एक गाड़ी तेज रफ्तार में निकल गई लेकिन दूसरी गाड़ी को रोकने के लिए पुलिस ने दीवेर घाटी के पास सड़क पर स्ट्रीक डालकर उसके टायर पंक्चर कर दिए. जैसे ही तस्कर की गाड़ी पंक्चर होकर रुकी, उसमें सवार भूटाराम बाबल ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी.
ANTF ने भी की जवाबी फायरिंग
खुद के बचाव और तस्कर को रोकने के लिए ANTF ने भी जवाबी फायरिंग की. इस मुठभेड़ में एक गोली भूटाराम के सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत जोजावर अस्पताल और फिर पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जिले भर में नाकाबंदी
पुलिस ने मौके से गाड़ी को जब्त कर एक अन्य संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है. फरार हुई दूसरी गाड़ी और उसमें सवार अन्य तस्करों की तलाश में जिले भर में नाकाबंदी कराई गई है. इस घटना के बाद खिंवाड़ा और आस-पास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तस्करों का यह नेटवर्क कहाँ तक फैला हुआ था. वे नशीले पदार्थों की खेप कहाँ पहुँचाने वाले थे.
इसे भी पढ़ें. PM Modi आज करेंगे सेवा तीर्थ का उद्घाटन, 100 रुपये का सिक्का भी होगा जारी

