Gulmarg Gondola: कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र और वहां आने वाले सैलानियों के लिए खुशखबरी है. मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हरी झंडी दिखाकर विश्व प्रसिद्ध गुलमर्ग गंडोला सेवा को औपचारिक रूप से जनता के लिए दोबारा शुरू कर दिया है.
खराबी की वजह से हवा में फंसे में 300 से अधिक पर्यटक
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के इस खूबसूरत पर्यटन स्थल में गत 25 मई को तकनीकी खराबी की वजह से 300 से अधिक पर्यटक हवा में फंस गए थे. जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से इस केबल कार सेवा को लगभग एक महीने के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया था. इस प्रतिष्ठित सेवा के दोबारा बहाल होने से गुलमर्ग पहुंचे सैलानियों और स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों में खुशी हैं.
गंडोला सेवा की बहाली के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सीएम ने स्पष्ट किया कि सरकार के लिए यात्रियों की सुरक्षा सबसे ऊपर है. इस सेवा को तभी शुरू किया गया है, जब केबल कार बनाने वाली मूल फ्रांसीसी कंपनी पोमा ने मरम्मत और रख-रखाव के काम की गहन जांच कर इसे पूरी तरह सुरक्षित होने का प्रमाणपत्र दे दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरिम रिपोर्ट आने के बाद पोमा ने हमारे सर्विस और मेंटेनेंस के तरीकों की समीक्षा की और पूर्ण संतुष्टि के बाद ही इसे दोबारा शुरू करने का फैसला लिया गया. उन्होंने यह भी बताया कि इस सेवा को जल्द शुरू करने का काफी दबाव था और वे चाहते तो पांच दिनों में भी इसे चला सकते थे, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता था.
बचाव अभियान में शामिल कर्मियों को मिलेंगे 50,000 रुपये
मुख्यमंत्री ने तकनीकी खराबी के दौरान मुस्तैदी से काम करने वाली रेस्क्यू टीमों और केबल कार कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों की जमकर प्रशंसा की. उन्होंने बचाव अभियान में शामिल कर्मियों के लिए 50,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की है. इधर, गंडोला शुरू होने से घाटी पहुंचे पर्यटक प्रसन्न हैं.

