Tirupati Boiler Explosion: आंध्र प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है. यहां तिरुपति जिले में शनिवार को भीषण हादसा हो गया. श्री सिटी स्थित एक निजी कंपनी में पानी का बॉयलर फट गया. इस हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
घटना के संबंध में पुलिस और आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को श्री सिटी की एक प्राइवेट कंपनी में अचानक पानी का बॉयलर धमाके के साथ फट गया. इस जोरदार धमाके की जद में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से झुलसे अन्य दो मजदूरों ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया.
गंभीरावस्था में एक मजदूर का चल रहा इलाज
हादसे में एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है. हालांकि, अभी तक हादसे के सटीक कारणों और मृतकों की पहचान से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
मुख्यमंत्री नायडू ने जताया शोक
वहीं, इस हादसे पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं. सीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता और मुआवजा प्रदान करें, साथ ही घायल मजदूर का बेहतरीन इलाज सुनिश्चित करें.

