Heatwave Alert: भारत में आग बरसाएगी गर्मी! 50°C तक पहुंचेगा पारा, IMD ने दी चेतावनी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Heatwave Alert: भारत में इस साल गर्मी ने समय से पहले ही अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है. अप्रैल की शुरुआत से ही देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और अब यह सामान्य स्तर से काफी ऊपर पहुंच चुका है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में हीटवेव की स्थिति और गंभीर हो सकती है. इस हफ्ते महाराष्ट्र के कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है.

विदर्भ क्षेत्र के अकोला में तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह शहर दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है. इसके अलावा अमरावती, वर्धा और नागपुर भी टॉप 10 गर्म शहरों में जगह बना चुके हैं. देश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है.

उत्तर भारत, मध्य भारत और पश्चिम भारत के कई इलाकों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका है. आईएमडी का कहना है कि यह केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है.

50 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, साल 2026 में गर्मी सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है. मार्च से मई के बीच हीटवेव की घटनाएं तेजी से बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस बार तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रह सकता है. अगर यही स्थिति बनी रही, तो देश के कुछ हिस्सों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो बेहद खतरनाक स्थिति होगी. इस तरह की भीषण गर्मी का असर केवल लोगों के स्वास्थ्य पर ही नहीं, बल्कि पानी की उपलब्धता, बिजली की मांग और खेती पर भी पड़ सकता है.

दुनिया के सबसे गर्म शहरों में भारत के कई शहर शामिल

वैश्विक आंकड़ों के अनुसार, इस समय दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में भारत के कई शहर शामिल हैं. चीन के युन्नान प्रांत का जिंगहोंग 37 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा.

इसके बाद भारत के ओडिशा के बलांगीर में 36 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा महाराष्ट्र का चंद्रपुर और गडचांदूर, छत्तीसगढ़ का रायपुर, महासमुंद, भिलाई, बिलासपुर और दुर्ग, बिहार का सासाराम, तेलंगाना का कोथापेट और उत्तर प्रदेश का मुगलसराय भी इस सूची में शामिल हैं.

इसके अलावा 35 डिग्री तापमान वाले शहरों में वाराणसी, मिर्जापुर, मोर्शी, जगित्याल, आदिलाबाद, करीमनगर और कई अन्य शहर शामिल हैं. यह स्थिति साफ दिखाती है कि भारत इस समय वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक गर्म क्षेत्रों में से एक बनता जा रहा है.

गर्मी बढ़ने के पीछे क्या कारण हैं

विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार असामान्य गर्मी के पीछे कई बड़े कारण हैं. सबसे बड़ा कारण जलवायु परिवर्तन (Climate Change) है, जिससे वैश्विक तापमान लगातार बढ़ रहा है. इसके अलावा बारिश की कमी, सूखी और गर्म हवाएं, लंबे समय तक तेज धूप और शहरी क्षेत्रों में बढ़ता हीट आइलैंड इफेक्ट भी इसके प्रमुख कारण हैं. इन सभी कारकों ने मिलकर इस बार गर्मी को पहले के मुकाबले ज्यादा खतरनाक बना दिया है.

IMD की एडवाइजरी: क्या करें और क्या न करें

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचना चाहिए, क्योंकि इस समय गर्मी सबसे ज्यादा होती है. लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थ का सेवन करना चाहिए ताकि शरीर में पानी की कमी न हो. हल्के और ढीले कपड़े पहनना बेहतर रहता है, जिससे शरीर ठंडा रहता है. धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखना जरूरी है. इसके अलावा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है, क्योंकि वे गर्मी से जल्दी प्रभावित हो सकते हैं.

आने वाले दिनों में क्या होगा

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर भारत, मध्य भारत और पश्चिम भारत में गर्मी और तेज हो सकती है. कई इलाकों में लगातार कई दिनों तक लू चलने की संभावना है. इससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है और बिजली व पानी की मांग तेजी से बढ़ सकती है.

यह भी पढ़े: PM Modi Trump Talk: पीएम मोदी और ट्रंप की अहम बातचीत, मिडिल ईस्ट संकट पर चर्चा तेज


More Articles Like This

Exit mobile version