India AI Imapact expo: राजधानी दिल्ली में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) के महाकुंभ का आगाज होने वाला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे प्रगति प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का औपचारिक उद्घाटन करेंगे, जो 20 फरवरी तक चलेगा. यह एक्सपो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग और नवाचार का सबसे बड़ा मंच साबित होने वाला है.
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी कर बताया कि ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के साथ किया जाएगा. यह एक्सपो एआई के व्यावहारिक प्रदर्शन का एक राष्ट्रीय मंच होगा, जहां नीति व्यवहार से मिलेगी, नवाचार व्यापक स्तर पर लागू होगा और प्रौद्योगिकी आम नागरिक तक पहुंचेगी.
दुनियाभर के दिग्गजों का होगा जमावड़ा
इस आयोजन में 7 देशों के राष्ट्रपति, 2 देशों के उपराष्ट्रपति और 9 देशों के प्रधानमंत्री शामिल हो रहे हैं. साथ ही, दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों के CEO और करीब 2 लाख से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे. पीएमओ के अनुसार, इस पूरे पांच दिवसीय आयोजन में 25 लाख से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है.
एक्सपो में 300 से अधिक चुनिंदा प्रदर्शनी मंडप और लाइव प्रदर्शन
यह एक्सपो 70,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैले 10 एरेना में आयोजित होगा, जो वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों, स्टार्टअप, शिक्षाविदों और अनुसंधान संस्थानों, केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों को एक साथ लाएगा. इस एक्सपो में एआई तंत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करने वाले 13 देशों के मंडप भी होंगे. इनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीका के पवेलियन शामिल हैं. इस एक्सपो में 300 से अधिक चुनिंदा प्रदर्शनी मंडप और लाइव प्रदर्शन होंगे जिन्हें तीन मुख्य विषयों – लोग, ग्रह और उन्नति – के आधार पर तैयार किया गया है.
600 से ज्यादा उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप होंगे शामिल
एक्सपो में 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप शामिल होंगे, जिनमें से कई वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक और जनसंख्या-स्तरीय समाधान कर रहे हैं. ये स्टार्टअप ऐसे उपयुक्त समाधानों का प्रदर्शन करेंगे, जो पहले से ही वास्तविक दुनिया में उपयोग में हैं. ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों सहित 25 लाख से अधिक आगंतुकों के भाग लेने की उम्मीद है. इस आयोजन का उद्देश्य वैश्विक एआई पारिस्थितिकी तंत्र के भीतर नयी साझेदारियों को बढ़ावा देना और व्यावसायिक अवसर पैदा करना है.
500 से ज्यादा सत्रों का आयोजन
इसमें 500 से अधिक सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें 3,250 से अधिक दूरदर्शी वक्ता और परिचर्चा सदस्य शामिल होंगे, जिनका मुख्य उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में एआई के परिवर्तनकारी प्रभाव को स्वीकार करना और यह सुनिश्चित करने के लिए भविष्य की कार्रवाइयों पर विचार-विमर्श करना होगा कि एआई से प्रत्येक वैश्विक नागरिक को लाभ मिले.
17 फरवरी से सभी के लिए खुलेगा एक्सपो
‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में प्रवेश पर कार्यक्रम के पहले दिन कुछ प्रतिबंध होंगे और इसके साथ आयोजित होने वाली प्रदर्शनी 17 फरवरी से सभी के लिए खुलेगी. पीएमओ की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया कि “भारत मंडपम प्रदर्शनी क्षेत्र 16 फरवरी को बंद रहेगा (उद्घाटन शाम पांच बजे) और प्रदर्शनी 17 फरवरी से सभी के लिए खुलेगी.” इस प्रदर्शनी में 13 देशों के पवेलियन भी होंगे, जो एआई क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करेंगे. इनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीका के पवेलियन शामिल हैं.
इसे भी पढें:-IND vs PAK: भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ बनाया 8-1 का रिकॉर्ड, 61 रनों से जीतकर सुपर-8 में की दबंग एंट्री