दिल्ली में प्रोटेस्ट से पहले हाई अलर्ट, जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस में धारा-163 लागू, 11 मेट्रो स्टेशन बंद

Divya Rai
Content Writer The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Jantar Mantar Protest: गांधी जयंती के मौके पर दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. छात्र संगठनों, लेफ्ट संगठनों, यूथ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की ओर से प्रदर्शन का आह्वान किया गया है. इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 लागू कर दी है. इसके तहत जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस सहित संबंधित क्षेत्रों में बिना अनुमति लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने, धरना देने या प्रदर्शन करने पर रोक रहेगी. पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी कुछ प्रतिबंध लागू किए हैं. दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बॉर्डर पर भी सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है.

VVIP इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल

प्रदर्शन की घोषणा के बाद से ही दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां शुरू कर दी थीं। नई दिल्ली के VVIP क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में बड़ी संख्या में जवानों को लगाया गया है.

पोस्टर-बैनर और नारेबाजी पर लगी रोक Jantar Mantar Protest

पार्लियामेंट स्ट्रीट सब-डिविजन के तहत जारी आदेश में कई तरह की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। बिना अनुमति पोस्टर या बैनर लेकर चलने, नारे लगाने और भाषण देने की भी अनुमति नहीं होगी. इसके अलावा हथियारों तथा लाठी, डंडे, भाले और तलवार जैसी वस्तुओं को लेकर चलने पर भी रोक लगाई गई है. पुलिस का कहना है कि इन प्रतिबंधों का उद्देश्य सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है.

पुलिस ने जारी किया सार्वजनिक नोटिस

नई दिल्ली जिला पुलिस ने लोगों के लिए एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया है. इसमें कहा गया है कि सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए BNSS, 2023 की धारा-163 लागू की गई है. पुलिस के आदेश के मुताबिक बिना अनुमति भीड़ जुटाने, भाषण, नारेबाजी, जुलूस, प्रदर्शन और धरने जैसी गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी. पुलिस ने लोगों से आदेशों का पालन करने की अपील की है और नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो की सेवाओं पर भी असर पड़ा है. DMRC के अनुसार अगले आदेश तक 11 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी. हालांकि, कुछ प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी. प्रभावित स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं. सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.

ये भी पढ़ें- राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि; बोले- ‘बापू के विचारों ने दुनिया को प्रेरित किया’

Latest News

बलिया में 2 से 6 नवंबर तक होगी 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता, परिवहन मंत्री ने लोगो व शुभंकर का किया विमोचन

बलिया: परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जिले में एक बार फिर खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर...

More Articles Like This

Exit mobile version