Washington: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका प्रशासन पोलैंड में अमेरिकी सैन्य बेस बनाने पर विचार कर रहा है. टेक्सास रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने विदेश नीति से लेकर अमेरिकी अर्थव्यवस्था तक कई मुद्दों पर बात की. पोलैंड में अमेरिकी सैन्य बेस बनाने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने देश के प्रति अपना समर्थन जताया. उन्होंने कहा कि हम इस पर विचार कर रहे हैं और पोलैंड के राष्ट्रपति के लिए हमारे मन में बहुत सम्मान है. इसलिए हम इसे देख रहे हैं और ऐसा हो सकता है.
अभी तक अंतिम फैसला क्यों नहीं लिया
जब ट्रंप से पूछा गया कि उन्होंने पोलैंड में अमेरिकी सेना का बेस बनाने पर अभी तक अंतिम फैसला क्यों नहीं लिया है, तो उन्होंने कहा कि आपको नहीं पता कि मैंने फैसला लिया है या नहीं. हो सकता है मैंने फैसला पहले ही ले लिया हो. मुझे पोलैंड पसंद है. यूक्रेन को अमेरिकी समर्थन के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने संक्षिप्त जवाब दिया. उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि इसका समाधान निकल जाएगा.
अमेरिका अपने सहयोगियों का साथ नहीं छोड़ेगा
इराक और वहां से अमेरिका के निकलने के बाद अपने सहयोगियों को समर्थन जारी रखने से जुड़े सवाल पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपने सहयोगियों का साथ नहीं छोड़ेगा. ट्रंप ने कहा कि वह ब्राजील के चुनाव पर बहुत करीब से नजर रख रहे हैं. उन्होंने दक्षिण अमेरिका में ब्राजील की अहमियत पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि ब्राजील बहुत महत्वपूर्ण देश है. यह एक शानदार देश है. ब्राजील के लोग शानदार हैं. यह बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है.
वॉशिंगटन कई चीजों पर विचार कर रहा
ट्रंप से पूछा गया कि क्या अमेरिका वेनेजुएला या दक्षिण अमेरिका में किसी दूसरी जगह सैन्य बेस बनाने की योजना बना रहा है. इस पर उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन कई चीजों पर विचार कर रहा है. जैसा कि आप जानते हैं, हमारे रिश्ते बहुत अच्छे चल रहे हैं. ट्रंप ने वेनेजुएला के तेल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अमेरिका इस तेल का इस्तेमाल अपने स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व यानी आपात स्थिति के लिए रखे जाने वाले सरकारी तेल भंडार को भरने में कर सकता है.
इसे भी पढ़ें. दिल्ली में प्रोटेस्ट से पहले हाई अलर्ट, जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस में धारा-163 लागू, 11 मेट्रो स्टेशन बंद