LPG Panic Booking: युद्ध की खबरों से देश में गैस बुकिंग रिकॉर्ड स्तर पर, एक दिन में 75 लाख से ज्यादा सिलेंडर बुक

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

LPG panic booking India: ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव की खबरों का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है. रसोई गैस को लेकर लोगों के बीच अचानक चिंता बढ़ गई है और बड़ी संख्या में लोग एडवांस में LPG सिलेंडर बुक कराने लगे हैं. इसका नतीजा यह हुआ कि देश में गैस बुकिंग के पुराने रिकॉर्ड टूट गए.

आंकड़ों के अनुसार जहां देश में सामान्य दिनों में रोजाना करीब 55 लाख सिलेंडर बुक होते हैं, वहीं 12 मार्च को यह संख्या बढ़कर 75.7 लाख तक पहुंच गई. यानी एक ही दिन में बुकिंग का नया रिकॉर्ड बन गया.

मार्च में तेजी से बढ़ा बुकिंग ग्राफ

पेट्रोलियम मंत्रालय के ताजा आंकड़ों से पता चलता है कि मार्च की शुरुआत से ही सिलेंडर बुकिंग में तेजी देखी जा रही है. आंकड़ों पर गौर करें तो 2 मार्च को करीब 71 लाख सिलेंडर बुक हुए. 10 मार्च को यह आंकड़ा लगभग 69 लाख रहा. वहीं 12 मार्च को रिकॉर्ड 75.7 लाख बुकिंग दर्ज की गई.

विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध की खबरों के कारण लोगों में गैस की कमी का डर बढ़ गया, जिसके चलते पैनिक बुकिंग शुरू हो गई.

सरकार बोली- सप्लाई पूरी तरह सामान्य

हालांकि सरकार ने साफ किया है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है. इंटर-मिनिस्ट्रियल ब्रीफिंग में अधिकारियों ने कहा कि मांग में अचानक उछाल के बावजूद सप्लाई चेन पूरी तरह मजबूत है. देशभर में 25,605 से अधिक गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स और 1 लाख से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त तेल और गैस का स्टॉक मौजूद है. इसके अलावा हर दिन करीब 50 लाख सिलेंडरों की होम डिलीवरी की जा रही है, जो अपने आप में एक बड़ा आंकड़ा है.

जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी

सरकार ने उन लोगों को कड़ी चेतावनी दी है जो इस स्थिति का फायदा उठाकर गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी करने की कोशिश कर रहे हैं. पेट्रोलियम मंत्रालय की ज्वाइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने बताया कि ‘LPG कंट्रोल ऑर्डर 2000’ के तहत अधिकारियों को कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है.

इसके तहत संदिग्ध वाहनों, गोदामों और घरों पर छापेमारी की जा सकती है. अगर कहीं भी अवैध रूप से गैस सिलेंडर जमा किए हुए मिले तो सिलेंडर जब्त करने के साथ-साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. सरकार का स्पष्ट कहना है कि गैस सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचे, किसी के गोदाम तक नहीं.

ईरान से भारतीयों को सुरक्षित निकालने की कोशिश

इस बीच विदेश मंत्रालय ने ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर भी अहम जानकारी दी है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति के बीच बातचीत के बाद राहत कार्यों में तेजी आई है. पिछले कुछ दिनों में करीब 170 भारतीय नागरिक ईरान की सीमा पार कर सुरक्षित बाहर निकल चुके हैं और जल्द ही उनकी भारत वापसी कराई जाएगी.

खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविकों पर नजर

पोर्ट और शिपिंग मंत्रालय के अनुसार स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास फिलहाल भारत के 24 जहाज और करीब 677 भारतीय नाविक मौजूद हैं. इन सभी की सुरक्षा पर 24 घंटे सैटेलाइट के जरिए नजर रखी जा रही है. खाड़ी क्षेत्र में काम कर रहे करीब 23 हजार भारतीय नाविकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता बनी हुई है.

उज्ज्वला लाभार्थियों को सरकार का भरोसा

सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया है कि देश के 33.37 करोड़ LPG उपभोक्ताओं को गैस की सप्लाई जारी रहेगी. इनमें 10.56 करोड़ उज्ज्वला योजना की महिला लाभार्थी भी शामिल हैं. सरकार के अनुसार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद गैस सप्लाई चेन को मजबूत बनाए रखने के लिए वैकल्पिक रास्तों और कूटनीतिक प्रयासों का सहारा लिया जा रहा है.

यह भी पढ़े: MP में गैस संकट! अब होटलों में नहीं पकेंगे पकवान? सरकार ने भोपाल में कमर्शियल सिलेंडरों पर लगाई रोक

Latest News

राजस्थान में दर्दनाक हादसा: टैंक में जहरीली गैस से तीन मजदूरों की मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क पर लगाया जाम

Rajasthan: राजस्थान में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना से हड़कंप मच गया. बालोतरा औद्योगिक क्षेत्र (रीको फेज-3) में 'लालजी...

More Articles Like This