Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया. सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा कस्बे में ब्यूटीशियन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की उनके पति ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी. प्रारंभिक जांच के अनुसार, प्लॉट के बैनामे को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जिसके बाद हत्या की गई. वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया. उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
निशा चौहान सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं
करीब 24 हजार फॉलोअर्स वाली निशा चौहान सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं. उनकी लोकप्रिय रील ‘मिस्त्री मान जाओ’ के बाद उन्हें पहचान मिली थी. अब निशा की हत्या के बाद तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया. पुलिस के अनुसार, प्रदीप चौहान और उनकी पत्नी निशा चौहान ने गांव में कोठी के पास एक प्लॉट खरीदा था. आरोप है कि प्लॉट का बैनामा किसके नाम होगा, इसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.
इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी
निशा प्लॉट अपने नाम कराना चाहती थीं, जबकि प्रदीप अपने नाम पर बैनामा कराने की बात पर अड़ा था. शुक्रवार सुबह करीब छह बजे इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हुई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रदीप ने चाकू से निशा पर कई वार कर दिए. गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पत्नी पर हमला करने के बाद आरोपी प्रदीप ने भी खुद पर चाकू से वार कर आत्महत्या का प्रयास किया.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे चित्रांकन उपकरणों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है. परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है.
परिवार का सबसे बड़ा बेटा 16 वर्ष का
निशा चौहान अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गई हैं. परिवार का सबसे बड़ा बेटा 16 वर्ष का है. घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और आक्रोश जताया. स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थीं निशा
निशा चौहान ब्यूटीशियन होने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थीं. उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगभग 24 हजार फॉलोअर्स थे. उनकी कई रील व शॉर्ट वीडियोज लोगों के बीच लोकप्रिय रही थीं, जिनमें ‘मिस्त्री मान जाओ’ वाली रील खूब लोकप्रिय हुई थी.
इसे भी पढ़ें. PM ताकायची को भारत में देख बौखलाया चीन, फिलीपींस-जापान प्रस्तावित वार्ता पर भड़का ड्रैगन