Mirzapur: प्रेमी संग भाग रही दुल्हन हुई सड़क हादसे का शिकार, प्रेमी-प्रेमिका सहित तीन की मौत, आज आने वाली थी बारात

मिर्जापुर। यूपी के मिर्जापुर से सड़क हादसे की एक बड़ी खबर प्रकाश में आ रही है। यहां शादी से एक दिन पहले अपने प्रेमी के साथ फरार हुई प्रेमिका सहित उसके प्रेमी के साथ ही एक अन्य व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दुर्घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिगना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की 28 मई को शादी थी। प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के परानीपुर गांव में उसकी शादी तय हुई थी। रविवार को बरात आनी थी। इससे घर में खुसियां थी, लेकिन परिवार के लोग इस उदासी से बेखबर थे कि जिसकी शादी को लेकर वह खुश है, उसका इरादा कुछ और है। लड़की अपने बुआ के देवर के पुत्र से प्रेम करती थी। शादी से पहले दोनों ने भागने की योजना बनाई।

दुल्हन का प्रेमी सरैया थाना मांडा प्रयागराज निवासी अपने फुफेरे भाई के साथ शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे जिगना थाना क्षेत्र के मवैया गांव पहुंचा। प्रेमी बाइक पर अपनी प्रेमिका दुल्हन रानी मुखर्जी को बैठाकर भागने लगा। भागते समय बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। एक किलोमीटर दूर सुमतिया गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक डीसीएम से टकरा गई।

इस दुर्घटना में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों शव को अस्पताल भेजवाकर शिनाख्त में जुट गई। देर रात शव की शिनाख्त हुई। मौत की सूचना मिलते ही युवती के घर कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि शादी से पहले प्रेमी संग भाग रही दुल्हन की सड़क हादसे में मौत हुई है। शिनाख्त के बाद तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

Latest News

इमरान खान की बहनों को जेल से अभी राहत नहीं, पाक सरकार ने 30 दिन और बढ़ाई हिरासत

Pakistan News: पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की तीन बहनों की हिरासत को...

More Articles Like This

Exit mobile version