Manoj Tiwari on Nari Shakti Vandan Bill: भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया था, लेकिन इसे लागू करने के समय कांग्रेस और INDIA गठबंधन के दल पीछे हट गए. उनके अनुसार, इसी वजह से यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी.
मनोज तिवारी ने बताया कि वर्ष 2023 में नारी शक्ति वंदन बिल संसद से पारित हो चुका था और उस समय सभी दलों ने इसका समर्थन किया था. यह बिल महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़ा है. हालांकि, इसे लागू करने के लिए सीटों के पुनर्निर्धारण (डिलिमिटेशन) और संवैधानिक संशोधन की आवश्यकता थी, जिसके लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी था. मनोज तिवारी का आरोप है कि जब इस अहम चरण पर समर्थन की जरूरत थी, तब विपक्षी दल पीछे हट गए. उन्होंने कहा, “जब लागू करने का समय आया तो ये दल पीछे हट गए.”
देश की आधी आबादी को उनका हक नहीं मिल पाया, क्योंकि कांग्रेस और उनके सहयोगी दल ऐसा नहीं चाहते थे।
लेकिन देश की नारीशक्ति अपने साथ हुआ कांग्रेस का ये छल कभी नहीं भूलेगी।
#WomenVsDMK #महिला_विरोधी_कांग्रेस #AntiWomenAlliance #MahilaVirodhiCongress pic.twitter.com/vBxobawaTD— Manoj Tiwari (@ManojTiwariMP) April 17, 2026
कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर आरोप
मनोज तिवारी ने कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों—आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, डीएमके, टीएमसी और शरद पवार की एनसीपी—का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर साथ नहीं दिया. उन्होंने कहा, “ये INDIA गठबंधन वाली पार्टियां 33 प्रतिशत आरक्षण देने से बिल को पास नहीं होने दिया. बिल गिरते ही ये लोग जश्न मनाने लगे, जैसे उन्हें बड़ी जीत मिल गई हो.” उन्होंने यह भी कहा कि इन दलों का रुख महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में नहीं है और देश की महिलाएं इस बात को समझ रही हैं.
मोदी और अमित शाह की भूमिका पर क्या बोले मनोज तिवारी
मनोज तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा शुरू से ही महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के पक्ष में रही है. उन्होंने कहा कि पिछले 40 वर्षों में कोई भी सरकार इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठा सकी, लेकिन मोदी सरकार ने इसे संभव बनाया. उन्होंने कहा, “अभी दो-तिहाई बहुमत नहीं है, लेकिन जल्द ही सत्ता मिलते ही हम बहनों को उनका हक दे देंगे.”
महिलाओं के आरक्षण पर भावुक अपील
अपने वीडियो संदेश में मनोज तिवारी ने कहा कि देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए. उन्होंने कहा, “ये मेरी माताएं और बहनें हैं. नरेंद्र मोदी जी ने यही इरादा रखा था.” साथ ही उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि जब 50 प्रतिशत आरक्षण की बात सामने आई, तो वे पीछे क्यों हट गए.
देश की जनता से अपील
अंत में मनोज तिवारी ने कहा कि देश की जनता इस पूरे घटनाक्रम को देख रही है और महिलाएं इसे याद रखेंगी. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने महिलाओं के साथ छल किया है, जबकि भाजपा इस मुद्दे पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी. उन्होंने कहा, “INDIA गठबंधन ने महिलाओं के साथ छल किया है. लेकिन भाजपा अपनी लड़ाई जारी रखेगी.”

