Special Parliament Session 2026: संविधान में संशोधन के लिए पेश किए गए विधेयकों पर आज यानी शुक्रवार को भी चर्चा जारी है. इसी बीच नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन’ पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘जादूगर’ कहा. इससे सदन में हंगामा शुरू हो गया. इसके बाद सत्ता पक्ष ने उनके इस बयान का कड़ा विरोध किया और माफ़ी की मांग की.
महिलाओं को सशक्त नहीं बनाएगा यह बिल
राहुल गांधी ने कहा कि यह महिला आरक्षण बिल महिलाओं को सशक्त नहीं बनाएगा. यह शर्मनाक कानून है, पुराना कानून लाओ हम समर्थन देंगे. यह सिर्फ भारत के निर्वाचन क्षेत्र के नक्शे को बदलने के लिए है. उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में यह सबसे कड़वा सच है. मैं इसके बारे में सब जानता हूं. यह ओबीसी, दलित वर्गों के लिए क्रूरता वाला बिल है. सभी जानते हैं कि ओबीसी, दलित और महिलाओं के साथ क्या होता है. सरकार ओबीसी का अधिकार छीनना चाहती है.
पकड़ा गया ऑपरेशन सिंदूर-नोटबंदी का जादूगर
राहुल ने पीएम मोदी का नाम लिए बिना कहा कि ऑपरेशन सिंदूर-नोटबंदी का जादूगर पकड़ा गया. इस पर एनडीए सांसदों ने विरोध किया. बोले- राहुल प्रधानमंत्री का अपमान कर रहे हैं. इसके बाद स्पीकर ओम बिरला ने उनके विवादित शब्दों को कार्यवाही से हटा दिया. राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा जानती है कि यह बिल पास नहीं हो सकता. वे इतने बेवकूफ नहीं है वे जानते हैं. इसीलिए उन्होंने चुनावी नक्शा बदलने के लिए महिला आरक्षण का सहारा लिया. सच यह है कि जादूगर पकड़ा गया है. सिंदूर, नोटबंदी का जादूगर पकड़ा गया है.
बदलना चाह रहे हो चुनावी नक्शा
राहुल गांधी ने कहा कि आप डरते हो कि देश की राजनीति में क्या हो रहा है. आपकी पॉवर कम होती जा रही है. इसलिए चुनावी नक्शा बदलना चाह रहे हो जैसा कि असम में किया, लेकिन हम आपको ऐसा नहीं करने देंगे. पूरा विपक्ष इसे हरा कर रहेगा. लोकसभा में महिला आरक्षण को लागू करने के लिए सीटों के परिसीमन से जुड़े तीन संशोधित बिलों पर आज लोकसभा में दूसरे दिन चर्चा जारी है. बिलों पर आज वोटिंग होगी.
इसे भी पढ़ें. वोटिंग से पहले PM मोदी की सभी दलों से अपील-‘भ्रम को खत्म कर महिला आरक्षण बिल के पक्ष में करिए मतदान’

