PM Modi On Mahila Aarakshan Bill: संसद में महिला आरक्षण विधेयक पर आज यानी शुक्रवार शाम 4 बजे महिला आरक्षण बिल पर वोटिंग होनी है. वहीं संसद में इस विधेयक पर बहस जारी है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में वोट करने की अपील की है. वोटिंग से ठीक पहले PM मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर सभी राजनीतिक दलों से अपील की.
महिला आरक्षण के पक्ष में करें मतदान
PM मोदी ने कहा कि सोच-विचार करके पूरी संवेदनशीलता से निर्णय लें, महिला आरक्षण के पक्ष में मतदान करें. देश की करोड़ों महिलाओं की दृष्टि हम सभी पर है, हमारी नीयत पर है, हमारे निर्णय पर है. कृपया करके नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन का साथ दें. पीएम मोदी ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर वोटिंग से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘संसद में इस समय नारीशक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन पर चर्चा चल रही है.
भ्रम को दूर करने के लिए तर्कबद्ध जवाब
कल रात भी एक बजे तक चर्चा चली है. जो भ्रम फैलाए गए, उनको दूर करने के लिए तर्कबद्ध जवाब दिया गया है. हर आशंका का समाधान किया गया है. जिन जानकारियों का अभाव था, वो जानकारियां भी हर सदस्य को दी गई हैं. किसी के मन में विरोध का जो कोई भी विषय था, उसका भी समाधान हुआ है.’ उन्होंने आगे लिखा, ‘महिला आरक्षण के इस विषय पर देश में चार दशक तक बहुत राजनीति कर ली गई है.
अवश्य मिलें आधी आबादी को उसके अधिकार
अब समय है कि देश की आधी आबादी को उसके अधिकार अवश्य मिलें. आजादी के इतने दशकों बाद भी भारत की महिलाओं का निर्णय प्रक्रिया में इतना कम प्रतिनिधित्व रहे, ये ठीक नहीं.’ PM मोदी ने कहा, ‘अब कुछ ही देर लोकसभा में मतदान होने वाला है. मैं सभी राजनीतिक दलों से आग्रह करता हूं, अपील करता हूं, कृपया करके सोच-विचार करके पूरी संवेदनशीलता से निर्णय लें, महिला आरक्षण के पक्ष में मतदान करें.
हम सभी पर है करोड़ों महिलाओं की दृष्टि
मैं देश की नारी शक्ति की तरफ से भी सभी सदस्यों से प्रार्थना करूंगा, कुछ भी ऐसा ना करें, जिनसे नारी शक्ति की भावनाएं आहत हों. देश की करोड़ों महिलाओं की दृष्टि हम सभी पर है, हमारी नीयत पर है, हमारे निर्णय पर है. कृपया करके नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन का साथ दें.’
अपनी अंतरात्मा को सुनिए
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, ‘मैं सभी सांसदों से कहूंगा. आप अपने घर में मां-बहन-बेटी-पत्नी सबका स्मरण करते हुए अपनी अंतरात्मा को सुनिए. देश की नारीशक्ति की सेवा का, उनके वंदन का ये बहुत बड़ा अवसर है. उन्हें नए अवसरों से वंचित नहीं करिए. ये संशोधन सर्वसम्मति से पारित होगा, तो देश की नारीशक्ति और सशक्त होगी. देश का लोकतंत्र और सशक्त होगा. आइए, हम मिलकर आज इतिहास रचें. भारत की नारी को… देश की आधी आबादी को उसका हक दें.’
इसे भी पढ़ें. चुनाव से पहले ममता बनर्जी को बड़ा झटका, कद्दावर मुस्लिम नेता ने दिया इस्तीफा, बोले-TMC में ईमानदार के लिए कोई जगह नहीं

