महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और शहरों में सुरक्षित यात्रा की सुविधा बढ़ाने के लिए हरियाणा सरकार ने एक नई पहल शुरू की है. ‘पिंक रैपिडो’ योजना के तहत चयनित युवतियों को सरकार की ओर से मुफ्त ई-स्कूटर दिया जाएगा. इसके साथ ही शुरुआती छह महीनों तक उन्हें 12 से 14 हजार रुपये तक मासिक प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी. इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार से जोड़ना और शहरों में सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है.
महिलाओं के लिए सुरक्षित सफर की व्यवस्था
इस योजना के तहत केवल महिला चालक ही महिला यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाएंगी. इससे महिला यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिलेगा. महिला चालक मोबाइल एप के माध्यम से सवारी बुकिंग के साथ-साथ छोटे सामान की डिलीवरी का काम भी कर सकेंगी. योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 13 मार्च तय की गई है.
इन जिलों की महिलाएं कर सकती हैं आवेदन
योजना के पहले चरण में हर जिले से अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग की 30 युवतियों का चयन किया जाएगा. फिलहाल सोनीपत, करनाल, पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद और अंबाला जिलों की पात्र महिलाएं इस योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं.
आवेदन के लिए जरूरी शर्तें
जिला कल्याण अधिकारी शीशपाल के अनुसार आवेदन करने वाली महिला के पास दोपहिया वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है.
- महिला की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए
- एक से दो वर्ष का वाहन चलाने का अनुभव रखने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी
- मोबाइल एप और नेविगेशन का उपयोग करना आना चाहिए
आय सीमा भी तय
योजना के लिए आवेदन करने वाली महिला के परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए. चयन प्रक्रिया पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर की जाएगी. इच्छुक महिलाएं जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, गुरु अर्जुनपुरा कॉलोनी, रतनगढ़ रोड, अंबाला शहर में संपर्क कर आवेदन कर सकती हैं. सरकार का मानना है कि इस योजना से महिलाओं को रोजगार मिलेगा और शहरों में सुरक्षित व तेज परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा.
यह भी पढ़े: UPPCL का बड़ा एक्शन: गोरखपुर में 85 हजार बिजली उपभोक्ताओं पर गिरेगी गाज, कल से कटेगा कनेक्शन