PM Modi Seva Yatra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार 25 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से वडनगर जा रहे सेवा यात्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया. इस दौरान उन्होंने युवाओं से यात्रा के अनुभव जाने और सेवा, संस्कार, संवेदना और संकल्प के महत्व पर बात की. वाराणसी से वडनगर तक चल रही यह यात्रा युवाओं को अलग-अलग जगहों पर सेवा गतिविधियों और लोगों से जुड़ने का अवसर दे रही है.
पीएम मोदी ने कहा कि युवा वाराणसी में बाबा विश्वनाथ और मां गंगा का आशीर्वाद लेकर वडनगर में चिर पुरातन हाटकेश्वर महादेव के दर्शन के लिए जा रहे हैं. उनके मुताबिक, यात्रा के दौरान लोगों की सेवा से जुड़ना इसे केवल एक सफर तक सीमित नहीं रखता, बल्कि सेवा की भावना से भी जोड़ता है.
सफाईकर्मियों के पैर धोने की घटना का किया जिक्र
बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने प्रयागराज महाकुंभ का जिक्र करते हुए उस समय की घटना को याद किया, जब उन्होंने सफाईकर्मियों के पैर धोए थे. उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान सफाईकर्मियों ने स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और इससे देश की छवि भी बेहतर हुई. पीएम मोदी ने बताया कि उनके मन में यह विचार आया कि जिन लोगों ने भारत का मान बढ़ाने में योगदान दिया है, उनके पैर धोकर उनका आशीर्वाद लेना चाहिए. इसी भावना के साथ उन्होंने सफाईकर्मियों के पैर धोकर उनका सम्मान किया था. उन्होंने सेवा से जुड़े लोगों के सम्मान को महत्वपूर्ण बताया.
वडनगर से मिले संस्कार, काशी ने जोड़ा सेवा का भाव
पीएम मोदी ने युवाओं से कहा कि वडनगर ने उन्हें जीवन के संस्कार दिए, जबकि काशी ने उन संस्कारों में सेवा के अलग-अलग रंग जोड़े. उन्होंने सेवा यात्रियों के अनुभवों को भी इसी भावना से जोड़ते हुए कहा कि युवा देशभक्ति, सेवा, संवेदना और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने महात्मा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी काम किया. उनके मुताबिक, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की जिम्मेदारी हर व्यक्ति की है.
दीनदयाल उपाध्याय के सात सूत्रों का उल्लेख
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर पीएम मोदी ने उनके विचारों और सेवा भावना का भी उल्लेख किया. उन्होंने सात सूत्रों के तौर पर सेवाभाव, संतुलन, संयम, समन्वय, सकारात्मकता, संवेदना और संवाद का जिक्र किया. पीएम मोदी ने कहा कि सेवा यात्रियों के रूप में लगातार आगे बढ़ते रहना ही इस अभियान की भावना है. इससे पहले भी वह वडनगर से वाराणसी की ओर जा रही सेवा यात्रा के प्रतिभागियों से संवाद कर चुके हैं.
यह भी पढ़े: LPG Price Today: गैस सिलेंडर के दाम स्थिर, जानें आपके शहर में 14.2 और 19 किलो LPG का रेट

