Punjab: पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या मामले में CBI जांच की मांग की गई है. इसके लिए पंजाब से कांग्रेस सांसदों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है. सभी ने गगनदीप सिंह रंधावा के मामले में इंसाफ की मांग की है. इस पत्र के जरिए सांसदों ने पूरे मामले की CBI जांच की ज़ोरदार मांग उठाई है. वहीं अमित शाह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी चिंताओं पर उचित विचार किया जाएगा.
मामले में CBI से जांच कराने की मांग
इस चिट्ठी पर पंजाब के जाने-माने कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, धर्मबीर गांधी और सुखजिंदर सिंह रंधावा शामिल हैं. सभी ने साइन किए हैं. इस दौरान उन्होंने वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के मैनेजर जी.एस. रंधावा की आत्महत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग उठाई. सांसदों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए CBI जांच जरूरी है.
कांग्रेस सांसद ने लोकसभा में उठाया मुद्दा
बता दें कि सोमवार को कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला ने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया, जिस पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मामले की जांच CBI को दें देंगे. लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ”डीएम सुसाइड मामला पंजाब का है. यदि पंजाब के सभी सांसद लिखित अनुरोध देते हैं तो जांच CBI को सौंपी जा सकती है. सभी सांसदों की सहमति मिलने पर केंद्र इस पर कदम उठा सकता है.”
स्थानीय प्रभाव या दबाव से मुक्त निष्पक्ष जांच
प्रतिनिधिमंडल ने पारदर्शिता और जवाबदेही की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि केवल CBI जांच ही किसी भी स्थानीय प्रभाव या दबाव से मुक्त निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर सकती है. उन्होंने पीड़ित परिवार और आम जनता की भावनाओं को भी व्यक्त किया, जो इस मामले में न्याय और स्पष्टता की मांग कर रहे हैं.
जनता के विश्वास को बनाए रखने का अनुरोध
सांसदों ने गृहमंत्री से न्याय के हित में तुरंत कार्रवाई करने और प्रणाली में जनता के विश्वास को बनाए रखने का अनुरोध किया. कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि वे मृतक के परिवार के साथ खड़े हैं और इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के पीछे की सच्चाई को जल्द से जल्द सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
इसे भी पढ़ें. ‘संकट के समय दुनिया को सुनाई देनी चाहिए भारत की आवाज’, पश्चिमी एशिया के हालात पर लोकसभा में बोले PM मोदी

