केजरीवाल को बड़ा झटका, राज्यसभा ने राघव चड्ढा समेत AAP के सभी बागी सांसदों को दी मान्यता

Divya Rai
Content Writer The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Raghav Chadha: राजनीति जगत से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है. जिसे सुनकर अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है. दरअसल, राज्यसभा ने राघव चड्ढा समेत आप के सभी बागी सांसदों को मान्यता दे दी है. राज्यसभा सचिवालय ने भाजपा में शामिल हुए सभी सांसदों को लेकर अधिसूचना जारी की है.

बीजेपी के सदस्यों की संख्या बढ़कर 113 पहुंच गई Raghav Chadha

इन सांसदों को मान्यता मिलने के बाद अब उच्च सदन में भाजपा के सदस्यों की संख्या बढ़कर 113 पहुंच गई है. बता दें कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से उन सभी 7 राज्यसभा सांसदों को बर्खास्त करने की अपील की है, जो पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए. आप नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने रविवार को मीडिया से बातचीत कर इसकी मांग की थी.

सभापति से जल्द सुनवाई करने किया गया है अनुरोध

संजय सिंह ने कहा, “एक याचिका प्रस्तुत की गई है, जिसमें भारत के संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत इन सात सदस्यों की सदस्यता पूर्णतः समाप्त करने और रद्द करने का अनुरोध किया गया है. इस मामले पर कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है. सभापति से भी जल्द से जल्द सुनवाई करने और इस पर निष्पक्ष निर्णय देने का अनुरोध किया गया है.”

यह लोकतंत्र के साथ विश्वासघात है

आप नेता ने कहा, “यह सब क्यों जरूरी है? क्योंकि आप एक पार्टी से चुने जाते हैं और फिर प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय जांच ब्यूरो जैसी एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के जरिए आपको उस पार्टी से अलग कर दिया जाता है और भारतीय जनता पार्टी, जो इसमें माहिर मानी जाती है, आपको उसमें मिला लेती है.

यह लोकतंत्र के साथ विश्वासघात है, पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात है, और देश के संविधान के साथ भी विश्वासघात है. उसे कमजोर करने का प्रयास है. अगर आप किसी पार्टी से चुने जाते हैं और आपके मतभेद हैं, तो आपको उस पार्टी से इस्तीफा दे देना चाहिए और फिर वहां जाना चाहिए, जहां आपके विचार मेल खाते हों, लेकिन अगर आप किसी पार्टी के जनादेश पर चुने जाते हैं और बाद में उसके खिलाफ बोलते हैं, तो उम्मीद की जा रही है कि अध्यक्ष जल्द ही इस याचिका पर फैसला लेंगे और उनकी सदस्यता रद्द कर देंगे. मुझे आशा और विश्वास है कि ऐसा होगा.”

AAP की मांग को किया गया खारिज

राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी हुए नोटिफिकेशन से ये स्पष्ट हो गया है कि आप की मांग को खारिज कर दिया गया है. अब ये सभी सांसद भाजपा के हो गए हैं. बता दें कि अब आप के उच्च सदन में सिर्फ तीन ही सांसद रह गए हैं.

24 अप्रैल को इन सांसदों ने छोड़ा आप का साथ

बता दें क 24 अप्रैल को राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आप से अलग होने का ऐलान किया था. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया था कि उनके साथ हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता भी हैं. आप छोड़ने वाले 7 सासंदों में से 6 पंजाब से राज्यसभा सदस्य हैं.

ये भी पढ़ें- PM मोदी का दो दिवसीय यूपी दौरा: वाराणसी को 6350 करोड़ की सौगात, गंगा एक्सप्रेसवे का करेंगे उद्घाटन

More Articles Like This

Exit mobile version