PM मोदी का दो दिवसीय यूपी दौरा: वाराणसी को 6350 करोड़ की सौगात, गंगा एक्सप्रेसवे का करेंगे उद्घाटन

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

PM Modi UP Visit: उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार को नई ऊंचाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दो दिवसीय दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. वाराणसी से लेकर हरदोई तक, इस दौरे में ऐसे कई बड़े फैसले और परियोजनाएं सामने आने वाली हैं, जो सीधे तौर पर करोड़ों लोगों की जिंदगी को प्रभावित करेंगी. खास बात यह है कि जहां एक तरफ काशी को हजारों करोड़ की सौगात मिलेगी, वहीं दूसरी ओर गंगा एक्सप्रेसवे जैसे मेगा प्रोजेक्ट के जरिए पूरे प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को जबरदस्त बढ़ावा मिलने वाला है.

वाराणसी में विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात

प्रधानमंत्री 28 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे वाराणसी पहुंचेंगे. यहां वे सबसे पहले एक भव्य महिला सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जहां हजारों महिलाओं की मौजूदगी रहने की संभावना है. इस दौरान प्रधानमंत्री करीब ₹6,350 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. वे 48 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और 112 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे. ये परियोजनाएं शहर के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी से जुड़ी होंगी, जिनका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा. इसके साथ ही बनास डेयरी से जुड़े किसानों के खातों में ₹105 करोड़ का बोनस भी हस्तांतरित किया जाएगा, जिससे दुग्ध उत्पादकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा.

नई ट्रेनों और पुल परियोजनाओं की शुरुआत

कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री दो नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. ये ट्रेनें बनारस से पुणे और अयोध्या से मुंबई के बीच चलाई जाएंगी, जिससे लंबी दूरी की यात्रा और भी सुगम हो जाएगी. इसके अलावा गंगा नदी पर एक नए रेल-कम-रोड ब्रिज के निर्माण का शिलान्यास भी किया जाएगा.

वाराणसी से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक रेल लाइन के विस्तार की परियोजना भी इसी दौरान शुरू की जाएगी, जिससे रेलवे कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा.

काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन

29 अप्रैल की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे. यह उनका पारंपरिक कार्यक्रम होता है, जिसमें वे अपने संसदीय क्षेत्र के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को भी रेखांकित करते हैं.

हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन

दर्शन-पूजन के बाद प्रधानमंत्री सीधे हरदोई के लिए रवाना होंगे, जहां सुबह करीब 11:30 बजे वे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे. यह परियोजना उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाओं में से एक है. गंगा एक्सप्रेसवे लगभग 594 किलोमीटर लंबा है और इसे करीब ₹36,230 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है. यह 6-लेन का एक्सप्रेसवे है, जिसे भविष्य में 8-लेन तक विस्तारित किया जा सकता है. यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों को जोड़ेगा, जिससे राज्य के पूर्व, पश्चिम और मध्य हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी और भी मजबूत होगी. इसके बनने से 10 से 12 घंटे का सफर घटकर लगभग 6 घंटे रह जाएगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

इमरजेंसी एयरस्ट्रिप की खास सुविधा

गंगा एक्सप्रेसवे की सबसे खास बात इसकी इमरजेंसी एयरस्ट्रिप है. शाहजहांपुर में करीब 3.5 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप बनाई गई है, जहां आपातकालीन स्थितियों में लड़ाकू विमान भी उतर सकेंगे. यह सुविधा इस एक्सप्रेसवे को रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण बनाती है.

रोजगार और निवेश के नए अवसर

यह एक्सप्रेसवे न केवल यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि राज्य में आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा. लॉजिस्टिक्स, कृषि, उद्योग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. इसके साथ ही लाखों लोगों के लिए रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे. पीएम मोदी का यह दौरा उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जो राज्य को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में आगे बढ़ाएगा.

यह भी पढ़े: आबकारी मामलाः दिल्ली हाईकोर्ट में पेश नहीं होंगे केजरीवाल, जस्टिस स्वर्णकांता को लिखी चिट्ठी

More Articles Like This

Exit mobile version