Mumbai: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के परिवार से जुड़ी एक चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. उनके पिता और इंडस्ट्री के दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर सलीम खान की अचानक तबीयत बिगड़ गई है. इसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं पिता की सेहत की जानकारी मिलते ही सलमान खान भी तुरंत अस्पताल पहुंचे.
सलमान का चेहरा उतरा
हॉस्पिटल से सलमान खान का वीडियो सामने आया है. इसमें सलमान का चेहरा उतरा हुआ नजर आ रहा है और वो काफी चिंतित दिखाई पड़ रहे हैं. इसके बाद फैंस सलीम खान के स्वास्थ्य को लेकर और भी चिंतित हैं. सलमान खान के चारों ओर भारी सुरक्षा भी दिखाई दे रही है. उन्होंने काले रंग की टी-शर्ट और पैंट पहनी हुई है.
परिजनों का अस्पताल पहुंचना जारी
सलीम खान की तीबयत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही अब परिजनों का अस्पताल पहुंचना जारी है. सलमान खान के बाद अब बहन अलवीरा और उनके पति अतुल अग्निहोत्री भी लीलावती अस्पताल पहुंचे हैं. इस दौरान दोनों ही उदास नजर आए. जबकि अलवीरा इस दौरान काफी जल्दी में दिखीं और कार से उतरकर भागते हुए अस्पताल पहुंचीं.
दिग्गज लेखकों में होती है सलीम खान की गिनती
हालांकि अभी तक सलीम खान की सेहत को लेकर परिवार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. फैंस और इंडस्ट्री उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं. सलीम खान की गिनती बॉलीवुड के दिग्गज लेखकों में होती है. जावेद अख्तर के साथ मिलकर सलीम-जावेद की जोड़ी ने कई कल्ट फिल्में दी हैं. इनमें शोले से लेकर दीवार, डॉन, जंजीर, त्रिशूल और सीता और गीता जैसी कई सुपरहिट फिल्में शामिल हैं. सलीम खान ने इससे पहले बतौर अभिनेता भी कुछ फिल्में की हैं.
सलीम खान ने सलमा से की थी पहली शादी
सलमान खान के अलावा सलीम खान के तीन और बच्चे भी हैं, इनमें अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा खान शामिल हैं. इसके अलावा उन्होंने अर्पिता को गोद लिया है. सलीम खान ने सलमा खान से पहली शादी की थी. जबकि वेटरन एक्ट्रेस हेलन सलीम खान की दूसरी पत्नी हैं. उन्होंने साल 1981 में हेलन से शादी की थी. पहले उनकी दूसरी शादी से उनका परिवार नाराज था, हालांकि बाद में हालात सुधर गए. अब सभी एक साथ रहते हैं.
इसे भी पढ़ें. बांग्लादेश: राजनीतिक विवादों में फंसी BNP की नई सरकार! जमात ने रोकी शपथ, किया बड़ा दावा?

