राजधानी दिल्ली के एयरोसिटी स्थित दो नामी 5-स्टार होटलों अंदाज दिल्ली और जेडब्ल्यू मैरियट की रसोई में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर लापरवाहियां सामने आई हैं. एफएसएसएआई की जांच के दौरान अंदाज दिल्ली में करीब 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाइयां मिलीं. इसके अलावा कॉकरोच और मक्खियां भी पाए गए. वहीं, जेडब्ल्यू मैरियट में गलत लेबलिंग, सड़े फल, गंदे बर्तन और कर्मचारियों की स्वच्छता में लापरवाही समेत 59 अलग-अलग कमियां दर्ज की गईं.
यह कार्रवाई आगामी ब्रिक्स सम्मेलन से पहले की गई है. सूत्रों के अनुसार, एयरोसिटी स्थित दोनों होटलों में सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों की मेजबानी की जानी है. निरीक्षण के बाद एफएसएसएआई ने दोनों होटलों को सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही कई खाद्य सामग्रियों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं.
अंदाज दिल्ली में 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाइयां मिलीं
एफएसएसएआई की टीम ने अंदाज दिल्ली की रसोई का निरीक्षण किया तो सबसे बड़ी लापरवाही हलवाई वाले हिस्से में सामने आई. यहां करीब 87 किलोग्राम एक्सपायर्ड मिठाइयां रखी हुई थीं. अधिकारियों ने इन मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया. इसके अलावा पेस्ट्री वाले हिस्से में भी खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर खामियां मिलीं. यहां एक्सपायर्ड केक बेस के साथ कॉकरोच और मक्खियां घूमती हुई पाई गईं.
शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को लेकर भी लापरवाही
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, अंदाज दिल्ली की रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को अलग रखने से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था. जांच के दौरान दोनों तरह के भोजन के लिए इस्तेमाल होने वाले कटिंग बोर्ड एक ही पानी के कंटेनर में डुबोकर रखे गए थे. इसके अलावा शाकाहारी बर्नर पर मांसाहारी खाना तैयार किया जा रहा था. रूम डाइनिंग की रसोई में चिलर के पास बदबू और कीड़े भी पाए गए. इन कमियों को खाद्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना गया है.
जेडब्ल्यू मैरियट में 59 तरह की कमियां
दूसरी ओर, जेडब्ल्यू मैरियट नई दिल्ली में एफएसएसएआई की टीम ने 24 और 25 अगस्त को लगातार दो दिनों तक विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी 59 अलग-अलग कमियां दर्ज की गईं. जांच में खाद्य पदार्थों की पहचान से जुड़े लेबल में भी गड़बड़ी मिली. एक जगह प्रॉन पर ‘जूस’ और जूस पर ‘प्रॉन’ का गलत लेबल लगा हुआ था. इसके अलावा बेकरी वाले हिस्से के खाद्य पदार्थों में हेयरनेट पाया गया. पानी के भंडारण टैंक में जंग भी मिली. इन खामियों के अलावा रसोई में सड़े फल और गंदे बर्तनों की स्थिति भी सामने आई.
कर्मचारियों की स्वच्छता पर भी सवाल
जेडब्ल्यू मैरियट की रसोई में कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर भी लापरवाही मिली. जांच के दौरान कुछ रसोइए गहने पहनकर खाना बनाते पाए गए. वहीं, एक कर्मचारी के हाथ में खुला घाव होने के बावजूद वह रसोई में काम कर रहा था. निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खुले बिजली के तार और खराब स्विच बोर्ड भी पाए गए. इससे कर्मचारियों और रसोई की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे.
ब्रिक्स सम्मेलन से पहले हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, एयरोसिटी के ये दोनों होटल आगामी ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों की मेजबानी के लिए तय किए गए हैं. ऐसे में सम्मेलन से ठीक पहले हुई एफएसएसएआई की जांच में सामने आई खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कमियां महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं. एफएसएसएआई ने दोनों होटलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. साथ ही सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं. निरीक्षण के दौरान कई खाद्य सामग्रियों के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है.
यह भी पढ़े: नेपाल में बाढ़ से तबाहीः सात लोगों की मौत, 105 भारतीयों सहित सैकड़ों लापता

