Vijayadashami: देश में आज विजयादशमी का पर्व मनाया जा रहा है. इसको लेकर लोगों में उत्साह है. इस अवसर पर जगह-जगह मेला का आयोजन किया जाएगा. मेले में रावण के पुतले के दहन को देखने को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ेगी.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने देशवासियों को पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. इसके साथ ही इस मौके पर कामना की गई कि उल्लास और विश्वास का यह पर्व हर व्यक्ति के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे.
राष्ट्रपति ने देशवासियों को दी पर्व की बधाई
राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा, ‘विजयादशमी के शुभ अवसर पर, देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को मैं हार्दिक बधाई देती हूं.’ उन्होंने आगे लिखा, ‘प्रभु श्रीराम की रावण पर विजय के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले इस पर्व का विशेष महत्व है. प्रभु श्रीराम को धर्म और नैतिक आचरण का साक्षात स्वरूप माना गया है. यह त्योहार अधर्म और अन्याय पर धर्म और न्याय की विजय का उत्सव है.
भारतीय संस्कृति, नैतिकता और कर्तव्य के आदर्शों पर आधारित है. प्रभु श्रीराम की विजय के इस त्योहार के दिन, सभी देशवासी यह संकल्प लें कि अपनी विरासत के उच्च आदर्शों पर चलते हुए विकसित भारत एवं समावेशी समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे.’ इसके साथ ही उन्होंने इस अवसर पर देशवासियों के सुख, आरोग्य और कल्याण की मंगलकामना की.
क्या लिखा पीएम मोदी ने?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘आप सभी को विजयादशमी की अनंत शुभकामनाएं. उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे. सभी का जीवन सुख-सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो, यही कामना है.’

क्या कहा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने?
इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘आप सभी को विजयादशमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं. विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है. यह पर्व हमारी आस्था, सभ्यता और सांस्कृतिक परंपरा का उत्सव भी है. मेरी ईश्वर से कामना है कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए तथा समाज में सद्भाव और सौहार्द में अभिवृद्धि करे.
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी देशवासियों को ‘विजयादशमी’ की हार्दिक बधाई दी. उन्होंने कहा,’अधर्म, असत्य, अन्याय व अत्याचार पर धर्म, सत्य, न्याय और सदाचार की शाश्वत विजय का प्रतीक यह पावन पर्व सभी को अपने अंदर की बुराइयों का त्याग कर मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है. प्रभु श्री राम की कृपा से हर हृदय धर्म और सत्य के आलोक से आलोकित हो.’ विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की ओर से एक्स पोस्ट में लिखा गया, ‘विजयादशमी के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं.’
जेपी नड्डा ने दी पर्व की बधाई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘विजयादशमी के पावन पर्व की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं. अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की शाश्वत विजय का प्रतीक विजयादशमी हमें सत्य, साहस और मर्यादा के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है. प्रभु श्रीराम, हमें सदैव धर्मपथ का मार्ग प्रशस्त करें.’