CM Yogi: गुरुवार को लोक भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 470 खेल प्रतिभाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा. साथ ही नियुक्ति पाने वाले सभी खिलाड़ियों को उनके स्वर्णिम भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित अभ्यर्थियों में 43 उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस), 295 आरक्षी (नागरिक पुलिस) और 132 आरक्षी (पीएसी) शामिल हैं. अब ये सभी खिलाड़ी पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं देंगे.

अब शुरु हुई जर्सी से वर्दी की यात्राः सीएम योगी
इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि आप सभी लोगों की अब जर्सी से वर्दी की यात्रा शुरू हुई है. उन्होंने चयनित खिलाड़ियों से पूछा क्या किसी ने आपसे कोई पैसा मांगा है, क्या किसी से सिफारिश करने की जरूरत पड़ी? सब लोग ध्यान रखिए ये सरकार का कोई अहसान नहीं है, बल्कि आपकी मेहनत का फल है.
सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा…
इससे पहले सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मैदान में मेधा, उपलब्धि पर सम्मान और प्रतिभा को राष्ट्र सेवा का अवसर देना ही ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नई खेल संस्कृति है. इसी संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए पुलिस विभाग में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र दिए गए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए खुल रहे सरकारी सेवा के ये द्वार उस बदलाव की तस्वीर हैं, जो प्रदेश ने वर्ष 2017 के बाद देखा है. उनके मुताबिक, इससे पहले खेल कोटा उपेक्षित था और भर्तियों में प्रतिभा से अधिक सिफारिश और पहुंच की चर्चा होती थी.
534 से अधिक खिलाड़ियों की विभिन्न विभागों में सीधी भर्ती
सीएम ने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने खेल प्रतिभाओं को रोजगार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ने का काम किया है. इसी का परिणाम है कि विभिन्न विभागों में अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों की सीधी भर्ती हो चुकी है.