गाजीपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन की नई घोषणा के बाद गाजीपुर में खुशी का माहौल देखने को मिला. भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी राय को पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि वर्तमान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं मिर्जापुर प्रभारी सरोज कुशवाहा को भाजपा महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. दोनों नेताओं के चयन पर भाजपा जिला कार्यालय में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया.
जिला कार्यालय में हुआ भव्य स्वागत
भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में जिला कार्यालय छावनी लाइन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया. इस दौरान जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं.
आगामी कार्यक्रमों को लेकर हुई बैठक
स्वागत समारोह के साथ ही पार्टी की आगामी गतिविधियों को लेकर बैठक भी आयोजित की गई. बैठक में 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से लेकर 6 जुलाई को उनकी जयंती तक चलने वाले ‘श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई. इन कार्यक्रमों में बूथ स्तर पर डिजिटल प्रशिक्षण, ‘मन की बात’, वृक्षारोपण, जिला कार्यकर्ता सम्मेलन तथा श्रद्धांजलि कार्यक्रम सहित कई संगठनात्मक गतिविधियों को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई.
क्या बोले जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय?
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा, “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं अंत्योदय के आदर्शों का प्रेरणास्रोत है. कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे उनके विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान अवधि में आयोजित सभी कार्यक्रमों को पूरी सक्रियता, अनुशासन और समर्पण के साथ सफल बनाएं. उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर संगठन की विचारधारा पर काम में समर्पित है.”
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
प्रदेश संगठन की सूची जारी होते ही दोनों नेताओं को बधाई देने वालों का तांता लग गया. शुभचिंतकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने टेलीफोन, सोशल मीडिया तथा व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण के साथ शुभकामनाएं दीं. पूरे जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला.
कृष्ण बिहारी राय का राजनीतिक सफर
भांवरकोल ब्लॉक के सुखडेहरा गांव निवासी कृष्ण बिहारी राय वर्ष 1980 में भाजपा की स्थापना काल से ही संगठन से जुड़े हुए हैं. उन्होंने मंडल अध्यक्ष, जिला मंत्री, जिला उपाध्यक्ष, जिला महामंत्री, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाई हैं. कृष्ण बिहारी राय भरौली इंटर कॉलेज, बलिया से प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त हैं. वर्तमान में वह अपनी पत्नी नंदिनी राय के साथ चंदन नगर, रौजा में निवास करते हैं. उनके परिवार में एक पुत्र अजय विक्रम राय और एक पुत्री हैं.

सरोज कुशवाहा को मिली नई जिम्मेदारी
गाजीपुर के चंद्रशेखर नगर, कपूरपुर, रौजा देहाती निवासी सरोज कुशवाहा वर्ष 1992 से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री, जिला अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, क्षेत्रीय मंत्री तथा वर्तमान में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं मिर्जापुर जनपद की प्रभारी के रूप में संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं. सरोज कुशवाहा इतिहास विषय में एम.ए. (ऑनर्स) हैं. उनके पति नगीना सिंह कुशवाहा दवा व्यवसाय से जुड़े हैं. उनकी दो पुत्रियां हैं, जिनमें छोटी पुत्री एक ख्याति प्राप्त भारोत्तोलक हैं.
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों ने गाजीपुर के मिश्र बाजार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई. इस अवसर पर पारसनाथ राय, सुनील सिंह, बृजेन्द्र राय, कालीचरण राजभर, अवधेश राजभर, ओमप्रकाश गुप्ता, राजेश राजभर, वृजनन्दन सिंह, विष्णु प्रताप सिंह, सुमित तिवारी, अविनाश सिंह, अभिनव सिंह, शनि चौरसिया, शशिकांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
यह भी पढ़े: UP BJP की नई टीम का ऐलान: राजनाथ सिंह के बेटे को मिला ये पद, पूजा पाल बनाई गईं उपाध्यक्ष, देखें लिस्ट

