CM योगी ने PRD जवानों को दी सौगातः शुरू की कैशलेस चिकित्सा योजना, ड्यूटी भत्ता वृद्धि की घोषणा

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

CM Yogi Gorakhpur: मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों की बड़ी सौगात दी. इन जवानों को सपरिवार प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये मुफ्त इलाज से आच्छादित करने के साथ ही मुख्यमंत्री ने उनके दैनिक ड्यूटी भत्ता में वृद्धि करने की घोषणा की.

अपने कार्यकाल में इसके पूर्व तीन बार ड्यूटी भत्ता बढ़ा चुके सीएम योगी ने गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में चौथी बार वृद्धि का ऐलान करते हुए कहा कि अब पीआरडी जवानों को 500 रुपये की जगह प्रतिदिन 600 रुपये ड्यूटी भत्ता दिया जाएगा.

मंगलवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में सीएम योगी ने पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड का वितरण कर ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ करने के साथ ही रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया.

इस मौके पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के लिए नई घोषणा की. सीएम योगी ने कहा कि 1948 में गठित पीआरडी के स्वयंसेवकों को 2019 तक 250 रुपये दैनिक ड्यूटी भत्ता मिलता था. 2019 में उन्होंने इसे बढ़ाकर 375 रुपये और 2022 में बढ़ाकर 395 रुपये किया था.

2025 में फिर से भत्ता वृद्धि की और बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन कर दिया. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘अब पीआरडी स्वयंसेवकों का भत्ता 500 से रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने जा रहे हैं.’ उन्होंने कहा पीआरडी जवानों के लिए 75 वर्ष में भत्ता राशि 250 रुपये तक ही थी, जबकि विगत आठ वर्ष में ही यह 250 से बढ़कर 600 रुपये होने जा रहा है. यह वृद्धि सौ प्रतिशत से भी अधिक है.

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के सहयोग में पीआरडी के स्वयंसेवक अपनी भूमिका समर्पण भाव से निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद 2017 के पहले तक उन्हें ड्यूटी नहीं मिलती थी.

जबकि आज उनके महत्व को समझा गया तो ड्यूटी के लिए जवान कम पड़ जा रहे हैं. सीएम ने कहा कि आपदा हो, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, ट्रैफिक संचालन में सहयोग, चुनाव ड्यूटी हो या अन्य किसी भी कार्य में प्रशासन-पुलिस का सहयोग, पीआरडी जवानों ने अनुशासन, समर्पण और सेवाभाव से कार्य किया.

सीएम योगी ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवकों के प्रदेश को प्रगति में योगदान, समर्पण और सेवाभाव को धन्यवाद देते हुए प्रदेश सरकार उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को कैशलेस इलाज की सुविधा दे रही है.

इसके अंतर्गत 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों को किसी भी सरकारी और सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक मुफ्त चिकित्सा की सुविधा मिलेगी. यह सुविधा प्रतिवर्ष मिलेगी. पीआरडी जवानों की संख्या को उनके परिवार के लिहाज से औसत रूप में देखें तो 1 लाख 55 हजार से अधिक सदस्य इससे लाभान्वित होंगे.

Latest News

BRICS में भारत चलेगा नया दांव, डॉलर को दरकिनार कर लोकल करेंसी पेमेंट का रखेगा बड़ा प्रस्ताव

New Delhi: भारत ने BRICS देशों के डिजिटल पेमेंट सिस्टम जोड़ने का ऐसा प्रस्ताव दिया है, जिससे डॉलर की...

More Articles Like This

Exit mobile version