CM Yogi Japan Students Meet: राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शुक्रवार को भारत और जापान की संस्कृतियों के साथ दोनों देशों की युवा पीढ़ियों का आत्मीय मिलन देखने को मिला. उत्तर प्रदेश-जापान निवेश बैठक के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘ए डायलॉग विद द फ्यूचर’ में जापान के यामानाशी प्रांत से आए 13 विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों ने लखनऊ के स्कूली बच्चों के साथ खुलकर संवाद किया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोटारो नागासाकी की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम ने भारत-जापान संबंधों को नई ऊर्जा देने वाला संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के विद्यार्थियों ने अपनी संस्कृति, अनुभव और विचार साझा किए. इसी आत्मीय माहौल के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी विद्यार्थियों और लखनऊ के बच्चों के साथ सेल्फी भी ली.
CM योगी ने ‘ओहायो गोजाइमासु’ कहकर किया जापानी छात्रों का स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान के यामानाशी से आए विद्यार्थियों, उनके फैकल्टी सदस्यों और लखनऊ के युवा साथियों का आत्मीय स्वागत किया. उन्होंने जापानी अभिवादन ‘ओहायो गोजाइमासु’ से अपने संबोधन की शुरुआत की. मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी है और 25 करोड़ से अधिक आबादी वाला उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा राज्य है. यह प्रदेश भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र है और इसे ‘हार्टलैंड ऑफ इंडिया’ के रूप में भी देखा जा सकता है.
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह केवल विद्यार्थियों का मिलन नहीं है. यह दो संस्कृतियों, दो परंपराओं और दो देशों की युवा पीढ़ियों का मिलन है. अगले वर्ष भारत और जापान के राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं और ऐसे समय में दोनों देशों के ये विद्यार्थी भविष्य के राजदूत के रूप में इस संबंध को नई ऊंचाई देने की क्षमता रखते हैं.”
A Young friend from Japan. 🇮🇳🤝🇯🇵#YogiConnectsUPJapanGenZ pic.twitter.com/yAwynUNdud
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) August 21, 2026
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) August 21, 2026
CM योगी ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का किया जिक्र
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान के सामाजिक सामंजस्य के दर्शन और भारत के ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की वैचारिकी के बीच की समानता को भी रेखांकित किया. उन्होंने कहा, “भारत की संस्कृति मानती है कि पूरी दुनिया एक परिवार है. ‘अयं निजः परो वेति गणना लघुचेतसाम्। उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम्।'” मुख्यमंत्री और जापानी गवर्नर के संबोधन के बाद कार्यक्रम का माहौल और भी आत्मीय हो गया. जापानी विद्यार्थियों ने मिलकर जापानी भाषा में गीत प्रस्तुत किया. उनकी सामूहिक प्रस्तुति के दौरान मुख्यमंत्री आवास तालियों से गूंज उठा. इसके जवाब में भारत की ओर से ईशान ने भगवान श्रीराम को समर्पित ‘कौशल्या दशरथ के नंदन’ गीत प्रस्तुत किया.
छात्रा अक्षरा ने कहा- भारत के बच्चे डोरेमोन देखते हुए बड़े हुए
लखनऊ की छात्रा अक्षरा पांडेय ने जापानी विद्यार्थियों का स्वागत किया. उन्होंने कहा, “आप सभी यहां आए, यह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है.” उन्होंने कहा कि जापानी विद्यार्थियों को ताजमहल पसंद आया, यह उनके लिए भी सुखद है. अक्षरा ने अपने बचपन की याद साझा करते हुए कहा कि “भारत के बच्चे डोरेमोन देखते हुए बड़े हुए हैं.” कार्यक्रम में जापानी विद्यार्थियों ने भी भारत आने के अपने अनुभव साझा किए. जापानी छात्र कजामा ने कहा, “भारत आना मेरे लिए बहुत खास अनुभव है, क्योंकि मैं पहली बार अपने देश से बाहर निकला हूं. यहां आकर जिस तरह लोगों ने हमसे मित्रवत व्यवहार किया, वह मेरे दिल को छू गया. भारत की सड़कों पर इतनी सारी मोटरसाइकिल और गाड़ियां देखना मेरे लिए बिल्कुल नया अनुभव था. टोक्यो में ऐसा अनुभव कम मिलता है.”
जापानी छात्रा ने पहली बार लगाई बिंदी
जापानी छात्रा मियागी मोतो ने कहा, “इतने लोगों के सामने अपने विचार साझा करने का अवसर मेरे लिए बहुत विशेष है. मैं पहले भी कई देशों के विद्यार्थियों के साथ ऐसे संवाद कार्यक्रमों का हिस्सा रही हूं, लेकिन भारत का अनुभव अपने आप में अलग है. मैं यामानाशी में रहती हूं और मेरा मानना है कि अलग-अलग संस्कृतियों को समझना और एक-दूसरे की संस्कृति का सम्मान करना बहुत जरूरी है.” उन्होंने आगे कहा, “मैंने पहली बार बिंदी लगाई और मुझे यह बहुत अच्छा लगा. मैं भारत और जापान की मित्रता को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाने के लिए बहुत उत्सुक हूं.”
जापानी बच्चों के साथ CM योगी ने ली सेल्फी
कार्यक्रम के आत्मीय माहौल के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी विद्यार्थियों और लखनऊ के बच्चों के साथ सेल्फी भी ली. मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर लेने को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया. इस दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया. मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी का यह सहज पल कार्यक्रम की औपचारिकता से अलग एक यादगार क्षण बन गया, जिसे भारतीय और जापानी विद्यार्थी लंबे समय तक अपने साथ संजोकर रखेंगे.
यह भी पढ़े: PM मोदी ने अरुणाचल प्रदेश के CM पेमा खांडू को दी जन्मदिन की बधाई, जानिए क्या कहा ?

