‘सपा कभी भी परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकती’, गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर बोले PM मोदी; जानिए बड़ी बातें

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Ganga Expressway: उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने वाले सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक गंगा एक्सप्रेसवे अब हकीकत बन गया है. हरदोई में इसके उद्घाटन के साथ ही न सिर्फ सफर तेज और आसान होने वाला है, बल्कि पूरे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और चुनावी माहौल पर कई बड़े बयान दिए, जिनका असर आने वाले समय में राजनीति से लेकर आम लोगों की जिंदगी तक दिख सकता है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया. लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे से मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा का समय 10-12 घंटे से घटकर करीब 6 घंटे होने की उम्मीद है. इससे न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं मानता हूं कि उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेस वे का ये वरदान ये भी मां गंगा का ही आशीर्वाद है. अब आप कुछ ही घंटों में संगम भी पहुंच सकते हैं और काशी में बाबा के दर्शन करके भी वापस आ सकते हैं. जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से उत्तर प्रदेश और इस देश की जीवन रेखा रही है वैसे ही आधुनिक प्रगति के इस दौर में उनके समीप से गुजरता ये एक्सप्रेस वे UP के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा.”

विकास और विरासत का संगम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मुझे खुशी है कि यूपी सरकार ने इस एक्सप्रेस-वे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा है.” उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाती है और प्रदेश के करोड़ों लोगों के लिए गर्व का विषय है.

बंगाल चुनाव पर भी बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “पिछले 6-7 दशक में जो नहीं हुआ, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसे निर्भीक वातावरण में बंगाल में इस बार मतदान हो रहा है. लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं. यह देश के संविधान और देश के मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है.” उन्होंने आगे कहा, “आज लोकतंत्र के उत्सव का भी एक अहम दिन है. बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं, उससे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है.”

चुनावी जीत को लेकर भरोसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कुछ समय पहले, जब बिहार में चुनाव हुए तो भाजपा-एनडीए ने प्रचंड जीत दर्ज की थी, एक इतिहास रच दिया था. अभी कल ही गुजरात में महानगर पालिका, नगर पालिका, जिला पंचायतें, नगर पंचायतें, तहसील पंचायत… इन सब के चुनाव के नतीजे आए हैं. 80 से 85 प्रतिशत नगरपालिका और पंचायत भाजपा ने जीत ली हैं. मुझे विश्वास है कि इन पांच राज्यों के चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है.”

इंफ्रास्ट्रक्चर से बदल रहा भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कुछ ही दिन पहले मुझे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण का अवसर मिला था. तब मैंने कहा था कि ये नए बनते एक्सप्रेसवे विकसित होते भारत की हस्तरेखाएं हैं, और ये आधुनिक हस्तरेखाएं, आज भारत के उज्ज्वल भविष्य का जयघोष कर रही हैं.” उन्होंने आगे कहा, “अब वो दौर चला गया, जब एक सड़क के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता था.”

यूपी के विकास पर जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के एक छोर को दूसरे छोर से तो जोड़ता ही है. ये NCR की असीम संभावनाओं को भी करीब लाएगा.” उन्होंने कहा, “पहले यूपी को पिछड़ा और बीमारू प्रदेश कहा जाता था, वही उत्तर प्रदेश आज एक ट्रिलियन economy बनने की ओर आगे बढ़ रहा है.” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “सपा विकास विरोधी भी है और नारी विरोधी भी है.” उन्होंने कहा, “सपा कभी भी परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकती. ये लोग हमेशा विकास विरोधी राजनीति करेंगे.”

भारत विकास के रास्ते पर बढ़ रहा आगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज पूरी दुनिया कैसे युद्ध, अशांति और अस्थिरता में फंसी हुई है. लेकिन भारत विकास के रास्ते पर उसी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है.” उन्होंने कहा, “हम आत्मनिर्भर भारत के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं. हम आधुनिक से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर रहे हैं. गंगा एक्सप्रेस-वे इसी दिशा में एक बड़ा कदम है.”

यह भी पढ़े: गुजरात में हादसा: हाई स्पीड बस ने वैन में मारी टक्कर, 6 की मौत, चार लोग गंभीर

Latest News

Bengal Election: बंगाल की सभी 142 सीटों पर वोटिंग जारी, दोपहर 3 बजे तक कुल 78.68 प्रतिशत मतदान

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को 142 सीटों पर मतदान हो रहा...

More Articles Like This

Exit mobile version