Janta Darshan In Gorakhpu: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार की शाम गोरखपुर पहुंचे. गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास करने के बाद सोमवार सुबह सीएम योगी ने जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की. उन्होंने समस्या लेकर आए लोगों की बात गंभीरतापूर्वक सुनी, उनके प्रार्थना पत्र आत्मीयता से बोले, ‘घबराइए मत, आपकी समस्या का समाधान जरूर कराया जाएगा.’
सीएम ने सुनी 200 लोगों की समस्या
सोमवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में सामने आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका समाधान करने के निर्देश दिए.
लोगों तक खुद पहुंचे मुख्यमंत्री
कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे. अपनेपन के भाव में ‘कहां से आए हैं, क्या बात है’, कहते हुए एक-एक कर सबकी समस्याएं सुनीं. भरोसा दिया कि वह सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराएंगे. किसी को भी परेशान होने या घबराने की आवश्यकता नहीं है.
सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
प्रार्थना पत्रों को उन्होंने अधिकारियों को हस्तगत करते हुए निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद होना चाहिए. कुछ लोगों द्वारा जमीन कब्जाने की शिकायत पर उन्होंने कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए.
इलाज में बाधक नहीं बनेगी धन की कमीः सीएम योगी
हर बार के जनता दर्शन की तरह सोमवार को भी कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे. सीएम योगी ने उन्हें भरोसा देते हुए कहा कि इलाज में धन की कमी बाधक नहीं होगी, सरकार पर्याप्त आर्थिक सहायता देगी.
हर पीड़ित के साथ खड़ी है सरकार
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज में अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराकर शासन में भेजें. मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए धनराशि दी जाएगी. सीएम योगी ने कहा कि सरकार हर पीढ़ित के साथ खड़ी है.