Lucknow: सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की ओर से आयोजित भव्य “धर्म उत्सव” एवं भजन संध्या कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. नटुकुर मैदान में आयोजित इस आयोजन में लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति रस में डूबकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. प्रारंभ में किशोर चतुर्वेदी की प्रस्तुति ने वातावरण को ऊर्जावान बनाया. इसके उपरांत विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का आगमन हुआ, जिनका स्वागत पुष्प एवं अभिनंदन के साथ किया गया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने भजन सम्राट कन्हैया मित्तल के बाल्यकाल के संघर्षों और उनकी प्रेरणादायक जीवन यात्रा का उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि किस प्रकार एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर कन्हैया मित्तल आज देश के प्रमुख भजन गायकों में स्थान रखते हैं. उन्होंने राम भक्तों पर गोली चलाने वालों और प्रभु श्रीराम को काल्पनिक बताने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग राम द्रोही और राष्ट्र द्रोही विचारधारा के साथ हैं, उन्हें सरोजनीनगर की धरती पर स्थान नहीं मिलेगा.
डॉ. राजेश्वर सिंह ने रामरथ श्रवण यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि सरोजनीनगर परिवार के हजारों लोगों को इस यात्रा के माध्यम से प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के दर्शन कराए गए हैं. उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में अब तक 220 मंदिरों का सुंदरीकरण एवं जीर्णोद्धार किया जा चुका है. भजन सम्राट कन्हैया मित्तल जी के मंच पर आगमन के साथ ही पूरा वातावरण “राम नाम” और भक्ति के सुरों से गूंज उठा. उनके लोकप्रिय भजन “जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे” ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए.
इस अवसर पर कन्हैया मित्तल जी ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा रामरथ यात्रा के माध्यम से सरोजनीनगर के लोगों को अयोध्या के दर्शन कराए जा रहे हैं, उसी प्रकार लखनऊ से खाटू श्याम जी के लिए भी एक यात्रा का आयोजन किया जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने लखनऊ में खाटू श्याम दरबार स्थापित करने का भी आग्रह किया, जिन दोनों प्रस्तावों को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सहर्ष स्वीकार किया. उनके इस प्रस्ताव का उपस्थित श्रद्धालुओं ने जोरदार समर्थन किया.
रामरथ श्रवण यात्रा के श्रद्धालुओं की विशेष उपस्थिति इस “धर्म उत्सव” में देखने को मिली. दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने भजन संध्या में भाग लेकर इसे एक विराट आध्यात्मिक जन-उत्सव का स्वरूप प्रदान किया. कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा भजन गायक कन्हैया मित्तल जी को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश खन्ना जी एवं अन्य वरिष्ठ अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. उन्होंने भी कन्हैया मित्तल जी का अभिनंदन किया.
भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्षों—मोहित तिवारी, विवेक राजपूत, के.के. श्रीवास्तव, दल बहादुर सिंह, विनोद कुमार मौर्य एवं रमाकांत ‘राजन’ मिश्रा—ने कन्हैया मित्तल जी का पटका पहनाकर अभिनंदन किया. पार्षद लवकुश रावत, कौशलेंद्र द्विवेदी, सौरभ सिंह ‘मोनू’, कमलेश सिंह, विमल तिवारी, केतन सिंह, नेहा सिंह, राम नरेश रावत, गीता देवी, संजीव अवस्थी, मनोज रावत, ब्रजमोहन शर्मा, हिमांशु अंबेडकर, सतगुरु शरण रावत, अमित कुमार एवं हनुमान पाल ने भी सम्मान में सहभागिता की.
इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ गणमान्यजनों—शिव शंकर अवस्थी, राजेश सिंह चौहान, शिव शंकर सिंह ‘शंकर’, गोविंद पांडे, राजकुमार सिंह, कर्नल दया शंकर दुबे, पप्पू तिवारी, राजकुमार पटेल, राकेश रावत, ब्लॉक प्रमुख सुनील रावत, रमाशंकर त्रिपाठी एवं पुष्कर शुक्ला—की उपस्थिति उल्लेखनीय रही. पूरे कार्यक्रम का संचालन अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से किया गया. सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाएं उत्कृष्ट रहीं. कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया.
अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, कलाकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं. उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया.