Lucknow: राज्य सभा सांसद और पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कल्याण मंडप क्षेत्र की जनता के कल्याण का उद्घोष है. गरीबों के लिए कल्याण मंडप बनाने की योजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने शुरू करायी थी. सफाई कर्मचारियों की सबसे बड़ी धानुक समाज की बस्ती सुदर्शनपुरी कॉलोनी में अटल जी की नीति से सबसे पहले कल्याण मंडप लखनऊ का बना था. डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि यह अटल शताब्दी वर्ष चल रहा है इसके उपलक्ष्य में उन्होंने अपने सी एस आर फण्ड से युक्त कल्याण मंडप का ढाई करोड़ की लागत से पुनर्निर्माण का कार्य प्रारंभ कर रहे हैं. उपरोक्त कार्य के लिए नगर निगम कार्यकारी संस्था रहेगी.

ढाई करोड़ की लागत से होगा पुनर्निर्माण
उन्होंने कहा की लखनऊ में नगर निगम बहुत अच्छा कार्य कर रहा है वर्तमान महापौर ने राजधानी में विकास कार्यों की गंगा बहाई है. संत सुदर्शनपुरी, ऐशबाग स्थित नगर निगम कल्याण मंडप के ₹2.50 करोड़ की लागत से अपनी संस्तुति पर पुनर्निर्माण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम में मा० महापौर सुषमा खर्कवाल की उपस्थिति में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद ने कहा कि हडको के सी.एस.आर. फंड एवं कार्यदायी संस्था नगर निगम के सहयोग से होने वाला यह पुनर्निर्माण क्षेत्रीय विकास एवं जनसुविधाओं को नई दिशा प्रदान करेगा.

भाजपा सरकार शिलान्यास के साथ उद्घाटन भी करती है
उनका कहना था कि भाजपा सरकार जिन कार्यों का शिलान्यास करती है उनका उद्घाटन भी करती है तथा गुणवत्ता ऐसी होती है कि जनता बरसों तक प्रयोग करती रहती है. उन्होंने कार्यदायी संस्था के रूप में नगर निगम के कार्यों की सराहना भी की. डॉक्टर दिनेश शर्मा ने कहा कि राजनाथ सिंह जी के सांसद कार्यकाल में लखनऊ में ऐतिहासिक विकास के कार्य हुए हैं. डॉ दिनेश शर्मा ने आज ही सुदर्शनपुरी कॉलोनी में 6 सोलर लाइट एक हाई मास्ट और एक वाटर कूलर को लगवाने के आदेश दिए. लखनऊ की महापौर खर्कवाल ने कहा की 15 नवंबर तक उनका प्रयत्न होगा कि यह कल्याण मंडप का निर्माण अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा हो जाए.

सामाजिक समरसता का संदेश
डॉ. शर्मा ने कहा कि धानुक और कनौजिया धोबी समाज के लोग जो उनके पड़ोस में रहते हैं वे परिवार की तरह है. अटल जी एक ऐसे समाज की कल्पना करते थे जिसमें लोग मिलजुल कर रहे तथा जात पात के बंधन टूट जाए. इस क्षेत्र के बच्चे आज शिक्षा के क्षेत्र में भी बहुत आगे निकल गए हैं. भाजपा सरकार में यहाँ के लोगों का जीवन स्तर बहुत बेहतर हुआ है.

कोई काम छोटा-बड़ा नहीं होता
उन्होंने कहा कि कोई काम छोटा बड़ा नहीं होता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाल्मीकि और धानुक समाज के लोगों का कुंभ में पैर धोकर सम्मान करके संदेश दिया था कि ये सम्माननीय लोग हैं. कुंभ के समय में पीएम ने उनके चरण धोए थे. नगर निगम के अनुभव को राजनीतिक जीवन का सबसे बेहतरीन बताते हुए कहा कि यहाँ अच्छा काम करने वाला राजनैतिक जीवन में हमेशा अच्छा ही करता है.

कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री मुन्ना सिंह धानुक, हडको के क्षेत्रीय प्रमुख नरेश कुमार, भाजपा विधायक प्रत्याशी रजनीश गुप्ता बॉबी, क्षेत्रीय पार्षद संदीप शर्मा, पार्षद अजय दीक्षित, पार्षद राहुल मिश्र, पार्षद राजीव त्रिपाठी, पूर्व पार्षद साकेत शर्मा, सुधीर मिश्रा, पूर्व पार्षद रंजीत धानुक, मंडल अध्यक्ष मनोज रस्तोगी, भाजपा नेता सतीश मिश्रा, ओम प्रकाश, राज विमल, सुनील धानुक, हरीश कनौजिया आदि उपस्थित रहे.

