OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है. सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग अब और तीखी होती नजर आ रही है. इसी बीच योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है.
उन्होंने ‘PDA’ की नई व्याख्या को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘राजा बाबू’ तक कह दिया. इतना ही नहीं, ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने का भी दावा किया है. उनके इन बयानों के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है.
PDA को लेकर अखिलेश यादव पर साधा निशाना
योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया भाषण का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया पर तंज कसा. उन्होंने PDA की नई व्याख्या को लेकर अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा, “अखिलेश जी ने आज अपने PDA की नई व्याख्या की. उन्होंने कहा कि PDA में A का मतलब आदिवासी है. A को अल्पसंख्यक और अगड़ा वो, पहले ही बता चुके हैं. डर ये लग रहा है कि अखिलेश जी किसी दिन कोई सम्मेलन करते हुए यह न कह दें कि A का मतलब आंकवादी भी होता है!”
‘राजा बाबू’ फिल्म का किया जिक्र
ओपी राजभर ने अपने बयान को आगे बढ़ाते हुए कहा, “वैसे भी उनकी सरकार अपने कार्यकाल के दौरान वाराणसी सीरियल ब्लास्ट, लखनऊ और फैजाबाद कोर्ट ब्लास्ट के आतंकवादियों के मुकदमे वापस ले चुकी है. और तुष्टीकरण की राजनीति में अपने PDA के A के बारे में यह कह सकते हैं कि सपा के PDA का अर्थ ‘अगड़ा, अल्पसंख्यक, आदिवासी, आतंकवादी’ होता है. अखिलेश जी की यह हरकतें देखकर मुझे “गोविंद” जी की फिल्म “राजा बाबू” याद आ रही है, जिसमें “गोविंदा” जी का किरदार कभी वकील, कभी डॉक्टर, कभी पुलिस अधिकारी और कभी नेता बनता है.”
सपा में बड़ी टूट का किया दावा
इससे पहले भी ओपी राजभर समाजवादी पार्टी को लेकर बड़ा दावा कर चुके हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो! सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की ‘बागी भूमि’ का एक लाल करेगा. और करे भी क्यों न? कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे ‘बागी बलिया’ का लाल बहुत आहत है. योजना पहले से थी लेकिन कल कि घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है. टूट होकर रहेगी.”
‘सांसद बचाओ अभियान शुरू करें’
ओपी राजभर ने अपने बयान में आगे कहा, “मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया, उससे ज्यादा बेहतर है कि अखिलेश बाबू ट्विटर, एसी और पीसी वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें. और दुखी एवं निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगे.”
यह भी पढ़े: डिजिटल अरेस्ट घोटालाः CBI की बड़ी कार्रवाई, 16 राज्यों में 80 ठिकानों पर छापेमारी

