Amit Shah Lucknow visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे. वह बीजेपी की राज्य कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए. कार्यसमिति की बैठक में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का समय है.
आपने राम भक्तों पर गोलियां चलाईं
उन्होंने कहा कि बीजेपी के मालिक हमारे कार्यकर्ताओं को मेरा प्रणाम, मेरा राम राम. यूपी में 30 अक्टूबर का बड़ा योगदान है, आज के दिन 1990 अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं. मैं पूछना चाहता हूं कि आप किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं. आपने राम भक्तों पर गोलियां चलाईं, हमने राम मंदिर बना दिया. आपकी तीसरी पीढ़ी को भी जनता माफ नहीं करेगी.
शाह ने कहा कि कल्याण सिंह ने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को ध्वस्त कराया. यूपी में बीजेपी सरकार अंगद का पैर है, उसे कोई नहीं हटा सकता है. फिर से बीजेपी की सरकार बनने जा रही है, कोई दुविधा नहीं है.
अमित शाह ने कहा, “मैच हारने के बाद अब अंपायर पर आरोप लगाया जा रहा है कि वोट चोरी हुई. बीजेपी संसद में चर्चा के लिए तैयार है. एक बार आइए, विशेष सत्र बुलाते हैं. हम एक-एक बात का जवाब देने को तैयार हैं. संसद में चर्चा कीजिए.”
अखिलेश को रात भर नींद नहीं आई थी
शाह ने आगे कहा, “2014 में हमारे केवल 44 विधायक थे. बहुत निराशा थी. मैं तहसील तक गया. एक बार संगठन ठीक हो गया तो 2014 में यूपी में 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीट जीतीं. 2017 में नोटबंदी हुई थी तो अखिलेश को रात भर नींद नहीं आई थी. हमने 40 प्रतिशत वोट लेकर 312 सीट जीती थीं. उसी प्रदर्शन को दोहराने का वक़्त आ गया है. यूपी में तीसरी बार सरकार बना दो यहां भी यूसीसी लागू करेंगे.”
बता दें कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को देखते हुए, पार्टी अपना संगठनात्मक रोडमैप और चुनावी रणनीति तैयार कर रही है. इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ राज्य नेतृत्व, जिला अध्यक्ष और प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे. इसमें संगठनात्मक प्राथमिकताओं पर चर्चा की जाएगी, जमीनी स्तर पर पहुंच की समीक्षा होगी और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए लक्ष्य तय किए जाएंगे. राज्य कार्यसमिति की इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ-साथ पार्टी संगठन के अन्य पदाधिकारी भी शामिल हुए.