UP में 2027 के चुनावी दंगल की तैयारी तेज, BJP कोर ग्रुप ने लखनऊ में बनाई रणनीति, इन मुद्दों पर हुई अहम चर्चा

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है. शुक्रवार शाम लखनऊ स्थित बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. यह बैठक करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली. इसमें आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के साथ संगठन से जुड़े विषयों और सरकार के अभियानों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई. बता दें कि हाल ही में यूपी बीजेपी ने क्षेत्र और मोर्चा प्रभारियों की घोषणा की थी. पार्टी ने 6 क्षेत्र प्रभारियों की नियुक्ति भी की थी.

बैठक में बीजेपी के कई बड़े नेता रहे मौजूद

कोर ग्रुप की बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शामिल हुए. बैठक समाप्त होने के बाद प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ. इसके साथ ही आने वाले महीनों में संगठन को किस दिशा में आगे बढ़ना है, इस पर भी नेताओं के बीच चर्चा हुई.

17 सितंबर से शुरू होंगे सेवा संकल्प और सुशासन अभियान

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प’ और ‘सुशासन’ अभियान शुरू किए जाएंगे. बैठक में इन दोनों अभियानों की तैयारियों के साथ इन्हें जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई..

पंकज चौधरी ने कहा, ‘बीएल संतोष जी, बीजेपी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और महासचिव विनोद तावड़े जी, सह प्रभारी जगदीश पटेल जी, मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ हमने विस्तार से चर्चा की. तैयारियों के साथ-साथ 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प और सुशासन अभियानों की योजना पर भी बात हुई.’

जल्द बुलाई जा सकती है प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

पंकज चौधरी ने कहा कि उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाले अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है. इसी वजह से जल्द प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुलाने को लेकर भी कोर ग्रुप में चर्चा हुई. उन्होंने बताया कि आने वाले महीनों में संगठन की कार्ययोजना क्या होगी और 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी की तैयारियों को किस तरह आगे बढ़ाया जाएगा, इन सभी विषयों पर बैठक में विचार किया गया.

सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा

बैठक में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जनसंपर्क को मजबूत करने पर जोर दिया गया. इसके अलावा महिलाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत हुई. खासतौर पर Gen Z यानी युवा पीढ़ी के लिए पार्टी और सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई.

बीएल संतोष और विनोद तावड़े की मौजूदगी से बैठक रही अहम

बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष का लखनऊ में मौजूद रहना इस बैठक की अहमियत को और बढ़ाता है. वहीं, उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े भी एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार लखनऊ पहुंचे. शुक्रवार दोपहर से ही बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी. इसके बाद शाम को कोर ग्रुप की बैठक हुई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों पर मंथन किया.

अखिलेश यादव के दावे पर पंकज चौधरी का तंज

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार दावा कर रहे हैं कि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी. उनके इस दावे पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने तंज कसा. पंकज चौधरी ने कहा, ‘मैं मुंगेरी लाल को सुंदर सपने देखने से नहीं रोक सकता.’

बीजेपी ने संगठन और कार्यकर्ताओं को बताया अपनी ताकत

इससे पहले शुक्रवार को बीजेपी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने पार्टी के संगठन और कार्यकर्ताओं को लेकर बयान दिया. उन्होंने कहा कि बीजेपी संगठन और कार्यकर्ताओं के आधार पर काम करने वाली पार्टी है. पार्टी में हर व्यक्ति को महत्व दिया जाएगा और बैठक के दौरान सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि बीजेपी केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि लगातार जनता की सेवा के लिए काम करती है. उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता जब भी राज्य के दौरे पर आते हैं, तो इस तरह की बैठकें होती रहती हैं. उनके मुताबिक, ऐसी बैठकों से संगठन और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिए नई ऊर्जा मिलती है.

सपा और कांग्रेस पर दिनेश प्रताप सिंह का निशाना

बीजेपी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी हमला बोला. उन्होंने दोनों दलों को ‘विक्रम और बेताल’ की जोड़ी बताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी के कंधे पर सवार होकर भी अमेठी और रायबरेली तक नहीं जीत सकती. इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी गंभीर आरोप लगाए. दिनेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि सपा के शासनकाल में दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए. उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका काम अब सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस करना, सोशल मीडिया पर पोस्ट डालना और राजनीतिक ड्रामा करना रह गया है.

यह भी पढ़े: LPG Price Today: घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर, दिल्ली-मुंबई समेत देखें शहरवार रेट

Latest News

Aaj Ka Mausam: देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 70 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; पहाड़ों पर बर्फबारी की चेतावनी

Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. चक्रवाती तूफानों...

More Articles Like This

Exit mobile version