UP: बांदा को CM योगी ने दी 701 करोड़ की सौगात, बोले- विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा बुंदेलखंड

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

CM Yogi In Banda: गुरुवार को बांदा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 701 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बुंदेलखंड को विकास, निवेश और रोजगार का मजबूत केंद्र बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड, चेक, आवास की चाबियां और टूलकिट भी वितरित किए.

बदल रहा है बुंदेलखंडः सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि कभी पलायन, पानी की कमी और डकैतों की समस्या से जूझने वाला बुंदेलखंड आज तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव आया है. उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं ने क्षेत्र की तस्वीर बदलने का काम किया है.

नई पहचान मिली शजरपत्थर को

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बांदा का प्रसिद्ध शजर पत्थर ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के माध्यम से नई पहचान बना रहा है. इससे स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों को भी लाभ मिल रहा है.

औद्योगिक विकास को बीडा से मिलेगा बढ़ावा

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (BIDA) क्षेत्र में उद्योगों और निवेश को बढ़ावा देगा. इसके माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर संभावनाएं मिलेंगी.

सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

सीएम योगी ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2017 के बाद सरकार ने अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाकर करीब 64 हजार एकड़ सरकारी जमीन मुक्त कराई, जिसका उपयोग अब विकास कार्यों और निवेश के लिए किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में युवाओं को रोजगार देने के बजाय अपराध की ओर धकेला गया, जबकि वर्तमान सरकार उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है.

विरासत और विकास दोनों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण पर भी समान रूप से कार्य कर रही है. उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम और चित्रकूट में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सांस्कृतिक धरोहरों को नई पहचान दी जा रही है.

सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत भगवान श्रीराम, हनुमान जी, कामतानाथ, मंदाकिनी, माता अनुसूया, महर्षि वाल्मीकि और बांके बिहारी को नमन करते हुए की. बांदा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने कालू कुआं चौराहे पर वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की. इस दौरान जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

इन परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, उनमें झांसी-मानिकपुर रेलखंड पर चार लेन पुल का निर्माण, बड़ोखर खुर्द सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पब्लिक हेल्थ यूनिट, नवाब टैंक का पर्यटन विकास, म्यूजिकल फाउंटेन एवं बोटिंग सुविधा, आईटीआई बांदा में नए कक्षों का निर्माण, बहराइच-बांदा मार्ग पर लघु सेतु का चौड़ीकरण तथा कान्हा गोशाला का निर्माण शामिल है.

Latest News

Aaj Ka Rashifal: योगिनी एकादशी पर ग्रहों का अद्भुत संयोग, इन 5 राशियों को होगा बड़ा लाभ, पढ़ें अपना राशिफल

Aaj Ka Rashifal, 10 July 2026: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में कुल 12 राशियों का वर्णन हैं. हर राशि का अपना...

More Articles Like This

Exit mobile version