UP: ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत CM योगी ने लगाया लाल चंदन का पौधा, की अपील

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अपने सरकारी आवास पर लाल चंदन का पौधा लगाया. पौधरोपण के बाद सीएम ने मीडिया से बातचीत की. सीएम ने कहा कि देशवासियों को ग्लोबल वॉर्मिंग जैसी चुनौतियों से बचने के लिए पूरे देश में प्रधानमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने का अभिनव आह्वान किया है. इसी श्रृंखला में मैंने आज मुख्यमंत्री आवास पर पेड़ लगाया है. इस अभियान के लिए प्रदेशवासियों की ओर से पीएम का हृदय से आभार प्रकट करते हुए अभिनंदन करता हूं.

सीएम ने की अपील, 20 जुलाई को मां के नाम लगाएं एक पौधा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपील की कि प्रदेश की आबादी के अनुसार हर व्यक्ति ‘वृक्षारोपण महाभियान’ का हिस्सा बनकर 20 जुलाई को अपनी मां के नाम पर एक पेड़ अवश्य लगाए. इसके लिए प्रदेश की नर्सरियों में हमने 54 करोड़ पौधे भी तैयार किए हैं. इनमें पर्यावरण के लिए उपयोगी हर प्रकार के पौधे (पीपल, पाकड़, नीम, देशी आम, जामुन, अमरुद, शीशम, सागौन) आदि हैं.

पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को उपलब्ध करा रहे सहजन का पौधा
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि पीएम आवास योजना के लाभार्थियों के घर पर निःशुल्क सहजन के पौधे उपलब्ध करा रहे हैं. सहजन हर किसी के लिए बहुत उपयोगी है. इसकी फली की सब्जी या सूप के उपयोग से कुपोषण दूर हो सकता है. हम लोगों ने दो वर्ष पहले भी पीएम आवास योजना के हर लाभार्थी के घर पर सहजन का पेड़ लगाया था. यह अब काफी बड़े भी हो चुके हैं. इस बार फिर इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे. हमारे पास सहजन के लगभग 55 लाख पौधे हैं.

पूरे प्रदेश में चलाएंगे व्यापक पौधरोपण अभियानः सीएम
सीएम योगी ने कहा कि अलग-अलग वैरायटी के पौधे पूरे प्रदेश में लगाए जाएंगे. इसके तहत व्यापक अभियान चलाकर ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, पार्कों, सड़क के किनारे, खाली स्थान पर पौधरोपण किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासी वन महोत्सव के साथ-साथ वृक्षारोपण महाभियान का हिस्सा बनकर पर्यावरण की चुनौती का सामना करने के लिए आगे आएंगे, इस विश्वास के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम लखनऊ में किया गया है.

महाभियान के तहत होगा 30-35 करोड़ पौधरोपण
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इस महाभियान में 30-35 करोड़ पौधरोपण करेंगे. यह कार्यक्रम अभी से प्रारंभ है. 20 जुलाई को रिकॉर्ड पौधरोपण कर वृक्षारोपण महाभियान के महापर्व में हर कोई हिस्सा लेगा. इन पौधों की देखभाल हो सके, इसके लिए भी समय-समय पर कार्यक्रम चलेंगे. मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि जो व्यक्ति पेड़ लगाए, वह उसकी सुरक्षा भी करें.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लाल चंदन का पौधा लगाया. इस दौरान वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, अपर मुख्य सचिव (वन) मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव (मुख्यमंत्री) संजय प्रसाद, प्रधान मुख्य वन संरक्षक व विभागाध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य जीव) संजय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे.

Latest News

Aaj Ka Rashifal: आज मंगलवार को इन 4 राशियों पर बरसेगी बजरंगबली की कृपा, पढ़ें अपना राशिफल

Aaj Ka Rashifal, 27 October 2026: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में कुल 12 राशियों का वर्णन हैं. हर राशि का अपना...

More Articles Like This

Exit mobile version