डीआरएम को कैंट स्टेशन पर कई जगह मिली गंदगी, अफसरों को लगाई फटकार

Varanasi: उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने शुक्रवार को कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर प्लेटफॉर्म तक की साफ-सफाई का जायजा लिया. कई जगह गंदगी मिलने पर उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई. साथ ही जल्द से जल्द सुधार के निर्देश भी दिए. दोबारा निरीक्षण में यही कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी.

अगली बार निरीक्षण में कोई बहाना स्वीकार नहीं होगा

श्री वर्मा ने कहा की अगली बार निरीक्षण में इन कमियों के लिए कोई बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा. डीआरएम वर्मा ने इस मौके पर स्वच्छता पखवाड़ा की शुरुआत की घोषणा की और सभी रेल कर्मचारियों को साफ-सफाई बनाए रखने की शपथ दिलाई. इसके बाद उन्होंने वाटर-लेस यूरिनल पॉइंट्स की योजना का निरीक्षण किया और स्टेशन परिसर में लगे यूरिनल पॉइंट्स का भी जायजा लिया, जहां पानी के बहाव की समस्या देखी. इस समस्या को दूर करने के लिए उन्होंने जल्द ही वाटर-लेस यूरिनल पॉइंट्स लगाने की योजना की घोषणा की.

एरिया में जाम मैनहोल की तत्काल सफाई के भी निर्देश

डीआरएम ने बताया कि इन यूरिनल्स से न सिर्फ पानी की बर्बादी रुकेगी, बल्कि गंदगी और दुर्गंध की समस्या भी खत्म हो जाएगी. उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में जाम मैनहोल की तत्काल सफाई के भी निर्देश दिए। वाराणसी स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बहुत ज्यादा है, इसलिए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना रेलवे की प्राथमिकता है. उन्होंने प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, शौचालय और यूरिनल पॉइंट्स की सफाई की जांच की और कई कमियों को चिह्नित किया, जिन्हें तुरंत ठीक करने का आदेश दिया गया है.

9 अगस्त को खोला जाएगा पार्किंग का टेंडर

सुनील कुमार वर्मा ने स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों और पार्किंग व्यवस्था पर भी बात की. उन्होंने बताया कि विकास कार्यों के चलते पार्किंग का काम रुका हुआ था, लेकिन अब इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है. 9 अगस्त को पार्किंग का टेंडर खोला जाएगा, जिसमें फर्स्ट एंट्री और प्लेटफॉर्म नंबर 9 के पास की पार्किंग भी शामिल होगी। जो भी कंपनी टेंडर जीतेगी, उसे पार्किंग के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. इस दौरान डीआरएम ने सभी रेल कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल, ट्रेन और सर्कुलेटिंग एरिया को साफ रखने की शपथ दिलाई. उन्होंने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े के दौरान सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, एडीआरएम बृजेश कुमार यादव सहित रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे.  

Latest News

07 November 2026 Ka Panchang: शनिवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

07 November 2026 Ka Panchang: 7 नवंबर 2026, शनिवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि के साथ दिवाली...

More Articles Like This

Exit mobile version