Lucknow: राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि युवा देश की प्रगति का प्रमुख आधार हैं. वह देश के भविष्य को दिशा देने के लिए तैयार हैं. केंद्र सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए तमाम योजनाएं चला रही है. उत्तर प्रदेश विधानसभा में मेरा भारत एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वाधान में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की समझ विकसित करने, नीति निर्माण पर अपने विचार प्रस्तुत करने तथा नेतृत्व कौशल को प्रदर्शित करने के सशक्त अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में कहा कि पिछले तीन दिनों में युवाओं ने काफ़ी गंभीरता और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ विचार-विमर्श किया है. उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के लगभग 370 युवाओं का एक मंच पर एकत्र होकर राष्ट्र के महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन करना, यह दर्शाता है कि भारत का युवा जागरूक है, सक्रिय है और देश के भविष्य को दिशा देने के लिए तैयार है.

ऐसे कार्यक्रमों का देश के प्रत्येक राज्य में आयोजन बताता है कि यह वास्तव में एक राष्ट्रीय स्तर का जनआंदोलन बन चुका है. MY Bharat एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि युवाओं को अपनी बात रखने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया गया है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट युवाओं की आकांक्षाओं और उनके सपनों को साकार करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है. इस बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान, ताकि युवा स्वस्थ और सक्षम बन सकें साथ ही युवा उद्यमिता और स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया गया, जिससे रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे. ABC Labs के माध्यम से नवाचार और कौशल विकास को प्रोत्साहन तथा Orange Economy के जरिए रचनात्मक क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर की व्यवस्था की गई है.

सांसद ने कहा कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के बजट में 34% वृद्धि बताती है कि सरकार युवाओं को राष्ट्र निर्माण की धुरी मानती है. दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा युवाओं के विचार को सुनना एक ऐतिहासिक पहल थी. सुझावों ने बजट की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. आज का भारत युवा-नेतृत्व वाले विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. डॉ शर्मा ने कहा कि यहाँ से चयनित शीर्ष 3 विजेता उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की विकसित भारत युवा संसद में भाग लेंगे तथा अपने प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे.

युवा प्रतियोगियों द्वारा स्वास्थ्य शिक्षा, उद्यमिता, स्वच्छता एवं खेल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आत्मविश्वास, तर्कशक्ति एवं राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया, जो करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणादायक है. युवाओं को पुरुस्कृत किया गया.


