PM Modi Nadia Rally: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं. खराब मौसम की वजह से वह बंगाल के नदिया में कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच पाए. पीएम मोदी ने फोन पर ताहिरपुर रैली को संबोधित करते हुए कहा मैं माफी चाहता हूं कि खराब मौसम के कारण मैं बंगाल के नदिया में कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच पाया.
ताहिरपुर रैली में पीएम मोदी ने कहा कि हमारे प्रयासों का मकसद बंगाल के दूर-दराज के इलाकों में आधुनिक कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है, जो पिछड़ेपन के कारण परेशान हैं. पश्चिम बंगाल की यह धरती वंदे मातरम जैसे अमर गीतों की भूमि है, इस धरती ने बंकिम चंद्र जैसे महान संतों को देश को दिया है.
बंगाल और बंगाली भाषा ने हमेशा से हमारे भारत को समृद्ध किया है
बंगाल और बंगाली भाषा ने हमेशा से हमारे भारत को समृद्ध किया है. जय निताई, मेरे सभी बंगाली भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं. सबसे पहले मैं आपसे क्षमा चाहता हूं कि प्राकृतिक आपदा के कारण मैं आप सबके बीच उपस्थित नहीं हो सका.
बंगाल के विकास में बाधा क्यों डाल रही ममता
ताहेरपुर रैली को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार चुनाव नतीजों ने बंगाल में बीजेपी की जीत के दरवाजे खोल दिए हैं. वहीं, उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता बनर्जी का मोदी या भाजपा का विरोध करने में कोई समस्या नहीं है, लेकिन वह बंगाल के विकास में बाधा क्यों डाल रही हैं? पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि बंगाल में घुसपैठियों को TMC का संरक्षण मिल रहा है.
बिहार ने बंगाल में दिखाया है जीत का रास्ता
पीएम मोदी ने शनिवार को बांग्लादेश की सीमा से सटे नदिया जिले के ताहेरपुर (राणाघाट) में परिवर्तन संकल्प जनसभा को कोलकाता एयरपोर्ट से वर्चुअल माध्यम के जरिए संबोधित करते हुए ममता सरकार पर जमकर हमला बोला. प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में भी जंगलराज का खात्मा होगा. बिहार ने बंगाल में जीत का रास्ता दिखाया है.
कटमनी है टीएमसी की सरकार
टीएमसी की सरकार कटमनी की सरकार है. इसे उखाड़ कर फेंकना ही होगा. इस जनसभा के जरिए पीएम मोदी ने बंगाल में भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत की. जनसभा से पहले पीएम ने वर्चुअल माध्यम से 3200 करोड़ रुपये की दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया.
खराब मौसम की वजह से नहीं उतरा पीएम मोदी का हेलीकॉप्टर
मालूम हो कि नदिया जिले में घने कोहरे और खराब विजिबिलिटी की वजह से प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर लैंड नहीं कर पाया. सुरक्षा प्रोटोकाल और तकनीकी कारणों को देखते हुए पायलट ने वापस कोलकाता लौटने का निर्णय लिया. बंगाल में एसआइआर का मसौदा सूची जारी होने के बाद पीएम मोदी का राज्य का यह पहला दौरा है.

